Bypass: स्टेशन रोड पर आए दिन लगने वाले जाम से निपटने को बनाया जाए बाईपास
बिगड़ती है यातायात व्यवस्था, स्कूली बच्चे तथा यात्री आदि होते हैं परेशान
फिरोजाबाद (सच कहूँ/विकास पालीवाल)। Firozabad News: शिकोहाबाद में बढ़ते यातायात दबाव के बीच स्टेशन रोड पर जाम की समस्या लगातार लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। तहसील तिराहा से लेकर मेला वाला बाग तक दोपहर के समय कई बार वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। स्थिति बिगड़ने पर रोडवेज बस स्टैंड से पालीवाल चौराहा और उसके आगे तक यातायात प्रभावित हो जाता है। जाम में फंसे लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है। ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन जाने वाले यात्रियों को भी समय पर पहुंचने को लेकर परेशानी उठानी पड़ती है। शहर के मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ने के पीछे भारी वाहनों की आवाजाही भी एक महत्वपूर्ण कारण मानी जा रही है।
स्टेशन रोड पर दिन के समय वाहनों की संख्या बढ़ने से सड़क की क्षमता के मुकाबले यातायात का दबाव अधिक हो जाता है। इधर जाम लगने के बाद पुलिसकर्मियों को मौके पर पहुंचकर यातायात सामान्य कराने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जाम की समस्या दूर करने के लिए भारी वाहनों को शहर के मुख्य हिस्से से बाहर निकालने की व्यवस्था करने की जरूरत है। लोगों ने हाइवे पर आरोज के निकट से नहर किनारे होते हुए छिछामाई और ग्राम डाहिनी के रास्ते बटेश्वर रोड तक एक बाईपास मार्ग विकसित करने का सुझाव दिया है।
लोगों के मुताबिक यदि इस दिशा में मार्ग तैयार किया जाता है तो शहर के अंदर से गुजरने वाले भारी वाहनों को बाहर से निकाला जा सकेगा। लोगों का यह भी कहना है कि यदि शहर के बाहर भारी वाहनों के लिए मार्ग विकसित होता है तो स्टेशन रोड पर भोगनीपुर ब्रांच नहर पुल की ओर बड़े वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने की व्यवस्था की जा सकती है।