Kalayat Road Accident: 8 क्विंटल डोडापोस्त ले जा रहे ट्रक ने सड़क पर खड़े ट्रक में मारी ट्रक, चालक समेत 3 की मौत
केले की आड़ में की जा रही थी नशा तस्करी
कलायत (सच कहूँ न्यूज)। Kalayat News: गांव खरक पांडवा के पास जम्मू-कटरा हाईवे पर शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हाईवे किनारे खराब हालत में खड़े ट्रक को पीछे से तेज रफ्तार में आए दूसरे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मैकेनिक का हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया।
वहीं पुलिस ने जब ट्रक की तलाशी ली तो चौंकाने वाला मामला सामने आया। ट्रक में कच्चे केलो के नीचे 8 क्विंटल डोडापोस्त छिपाया हुआ था। मृतकों की पहचान जींद जिले के उचाना निवासी ट्रक मालिक अनिल कुमार, खरक पांडवा निवासी मैकेनिक रामनिवास और टक्कर मारने वाले ट्रक के चालक के रूप में हुई है। वहीं, रामनिवास के हेल्पर को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारू कराई।
खराबी आने पर हाईवे किनारे खड़ा किया था ट्रक
जानकारी के अनुसार ट्रक मालिक अनिल कुमार दिल्ली से अपना ट्रक लेकर आ रहा था। रास्ते में ट्रक में तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद उसने गांव खरक पांडवा के पास जम्मू-कटरा हाईवे के किनारे ट्रक खड़ा कर दिया। ट्रक की मरम्मत के लिए उसने गांव के मैकेनिक रामनिवास को मौके पर बुलाया। रामनिवास अपने हेल्पर के साथ मौके पर पहुंचा और ट्रक की मरम्मत शुरू कर दी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए दूसरे ट्रक ने सड़क किनारे खड़े ट्रक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनिल कुमार, रामनिवास और दूसरे ट्रक के चालक की मौत हो गई, जबकि मैकेनिक का हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया।
केले की आड़ में छिपाकर रखा था करीब 8 क्विंटल डोडापोस्त
हादसे के बाद पुलिस ने टक्कर मारने वाले ट्रक की जांच की तो उसमें कच्चे केले भरे मिले। जांच के दौरान पुलिस को ट्रक में करीब 40 कट्टों में छिपाकर रखा गया लगभग 8 क्विंटल डोडापोस्त बरामद हुआ। नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में डोडापोस्त कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। इसके अलावा ट्रक से जुड़े लोगों और नशीले पदार्थ की सप्लाई से संबंधित अन्य कड़ियों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे
हादसे की सूचना मिलते ही कलायत थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा। वहीं घायल हेल्पर का अस्पताल में उपचार चल रहा है। फिलहाल पुलिस सड़क हादसे के साथ-साथ ट्रक से बरामद डोडापोस्त के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी है।