Kairana Road Accident: कण्डेला में थ्रीव्हीलर व बाइक की टक्कर, युवती समेत पांच घायल
कण्डेला में थ्रीव्हीलर व बाइक की टक्कर, युवती समेत पांच घायल
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कैराना ब्लॉक के औद्योगिक क्षेत्र कण्डेला में विगत गुरुवार देर रात्रि थ्रीव्हीलर व बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में युवती समेत पांच लोग घायल हो गए। घायलों में बाइक सवार की हालत काफी सीरियस बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, चालक थ्रीव्हीलर में सवारी भरकर कैराना से शामली के लिए जा रहा था। जैसे ही वह शामली-कैराना मार्ग पर कण्डेला औद्योगिक क्षेत्र में स्थित करियर व्हील कंपनी के निकट पहुंचा, तभी थ्रीव्हीलर की विपरीत दिशा से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। दोनों वाहनों के टकराने से मौके पर चींख पुकार मच गई। थ्रीव्हीलर में सवार चांद, मुकीम व आशा निवासीगण कस्बा कैराना व वसीम निवासी ग्राम अलीपुर तथा बाइक सवार युवक घायल हो गए।
घटना के पश्चात थ्रीव्हीलर चालक अपने वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। मामले की सूचना पर औद्योगिक क्षेत्र चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी वीरेन्द्र सिंह हादसे वाली जगह पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने राहगीरों की सहायता से हादसे में घायल हुए सभी लोगो को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने थ्रीव्हीलर व बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है। अभी तक पुलिस को मामले की कोई तहरीर नही दी गई है। थ्रीव्हीलर में सवार युवती आशा कस्बे के मोहल्ला लालकुआं की निवासी है। वह थ्रीव्हीलर में सवार होकर कण्डेला औद्योगिक क्षेत्र में मजदूरी के लिए जा रही थी। हादसे में घायल बाइक सवार युवक की पहचान नही हो पाई है। उसकी हालत गम्भीर बताई जा रही है। वहीं, चौकी प्रभारी एसआई बिजेन्द्र सिंह का कहना है कि लिखित शिकायत प्राप्त होते ही अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी।