विमुक्त एवं घुमंतू जातियों के लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगाया जागरूकता एवं सुविधा शिविर
विमुक्त एवं घुमंतू जातियों के लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगाया जागरूकता एवं सुविधा शिविर
छछरौली (सच कहूँ/राजेंद्र कुमार)। Chhachhrauli News: सेवा संकल्प अभियान के तहत हरियाणा विमुक्त घुमंतू जाति विकास बोर्ड के तत्वावधान में जिला प्रशासन द्वारा शुक्रवार को अनाज मंडी छछरौली के नजदीक जागरूकता एवं सुविधा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन बोर्ड के वाइस चेयरमैन ओमपाल के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर उपमंडल अधिकारी (ना.) जसपाल सिंह गिल भी उपस्थित रहे।
शिविर में सरकार द्वारा विमुक्त एवं घुमंतू जातियों के लोगों के कल्याण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं, सुविधाओं एवं कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया एवं पात्रता संबंधी जानकारी उपलब्ध करवाई।
शिविर के दौरान उपस्थित लोगों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना गया तथा पात्र मामलों में मौके पर ही आवश्यक मार्गदर्शन एवं सुविधा प्रदान की गई। विशेष रूप से छछरौली अनाज मंडी के नजदीक पिछले कई वर्षों से रह रहे विमुक्त एवं घुमंतू जाति के लोगों के आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र एवं वोटर कार्ड बनवाने की सुविधा उपलब्ध करवाई गई।
वाइस चेयरमैन ओमपाल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विमुक्त एवं घुमंतू समुदाय के लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना तथा उन्हें शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास आधार कार्ड, वोटर कार्ड, परिवार पहचान पत्र अथवा अन्य आवश्यक दस्तावेज नहीं हैं, वे इस विशेष शिविर में अपने दस्तावेज बनवाएं, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा लोगों की सुविधा के लिए विशेष रूप से यह शिविर आयोजित किया गया है।
शिविर में काजल, मन्नत, नरेश कुमार, विनय, बलिंदर, कविता, कार्तिक, वंश, शिव, खुशी, पप्पू, कमलेश, सपना सहित बड़ी संख्या में विमुक्त एवं घुमंतू जाति के लोगों ने भाग लिया तथा विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं एवं योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
एसडीएम जसपाल सिंह गिल ने लोगों से अपील की कि वे सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करें तथा अपने आसपास के अन्य पात्र लोगों को भी सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं के प्रति जागरूक करें।
इस अवसर पर मार्केट कमेटी के वाइस चेयरमैन योगेश अग्रवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष गौरव गोयल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।