Haryana Roadways Conductor Assault: भादरा में हरियाणा रोडवेज बस परिचालक से मारपीट, वर्दी फाड़ी
महिला यात्री को लेकर विवाद के बाद पीछा कर हमला करने का आरोप
Haryana Roadways Conductor Assault: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। भादरा बस स्टैंड से सिरसा के लिए रवाना हुई हरियाणा रोडवेज बस को कार और बाइक सवार लोगों की ओर से रोककर परिचालक के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार में सवार महिला सहित 4-5 लोगों ने बस को जबरन रुकवाया और बस में चढ़कर परिचालक के साथ मारपीट की। हमले में परिचालक के छाती और पेट में चोटें आईं तथा उसकी वर्दी भी फाड़ दी गई। भादरा थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी रिपोर्ट में जितेन्द्र (38) पुत्र बिशनदास खटीक निवासी मकान नंबर 135, पटेल नगर, भिवानी, हरियाणा ने बताया कि वह हरियाणा राज्य परिवहन सिरसा डिपो में परिचालक के पद पर कार्यरत है। 24 सितंबर को उसकी ड्यूटी सिरसा से भादरा मार्ग पर बस नंबर एचआर 57 जीवी 3870 पर थी। वह निर्धारित समय पर सिरसा से रवाना होकर शाम करीब 5.30 बजे भादरा पहुंचा। इसके बाद सवारियां लेकर करीब 5.45 बजे सिरसा के लिए रवाना हुआ।
परिचालक के अनुसार भादरा बस स्टैंड से बाहर निकलते ही स्विफ्ट कार नंबर एचआर 24 एक्स 8669 और बाइक नंबर एचआर 24 एजी 5666 पर सवार 4-5 व्यक्ति तथा एक महिला वहां पहुंचे। कार को बस के आगे लगाकर बस रुकवा ली गई। कार सवारों ने परिचालक के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे बस से नीचे उतरने के लिए कहा। परिचालक के नीचे नहीं उतरने पर आरोपी बस में चढ़ गए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट के दौरान परिचालक की छाती और पेट में चोटें आईं। उसके पास मौजूद पैसों का बैग भी नीचे गिर गया और टिकट बनाने के दौरान हाथ में रखे पैसे भी गिर गए, जो बाद में नहीं मिले। बस में सवार यात्रियों ने बीच-बचाव कर परिचालक को हमलावरों से बचाया। हमलावरों ने उसकी वर्दी भी फाड़ दी। परिचालक ने पुलिस को बताया कि हमलावरों में शामिल महिला सिरसा बस स्टैंड से ही उसकी बस में सवार हुई थी और उसे केवल सिरसा के सतनाम चौक तक जाना था। महिला ने टिकट नहीं लिया और उसके पास बस पास होने की बात कही, जिसे परिचालक ने वैध नहीं माना।
इसके बावजूद महिला को उसके बताए स्थान सतनाम चौक, पुलिस चौकी के सामने उतार दिया गया। इसके बाद उक्त महिला से जुड़े लोग बस का पीछा करने लगे। परिचालक को शक होने पर उसने कागदाना पुलिस चौकी पर बस रोक ली। इससे पहले भी हमलावरों ने दो बार बस के आगे कार लगाकर उसे रोकने का प्रयास किया था। कागदाना पुलिस चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मियों के सामने हमलावरों ने माफी मांगी और वहां से चले गए। परिचालक के अनुसार जब वह भादरा से वापस सिरसा के लिए रवाना हुआ तो आरोपियों ने फिर कार को बस के आगे लगाकर बस रुकवा ली और उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल हंसराज को सौंपी है।