Ajgar; तुलहेड़ी में खेत में निकला विशाल अजगर, वन विभाग की टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
तुलहेड़ी में खेत में निकला विशाल अजगर, वन विभाग की टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
मीरापुर (सच कहूं/कोमल प्रजापति)। Snake News: थाना क्षेत्र के ग्राम तुलहेड़ी में शनिवार सुबह खेत में विशाल अजगर दिखाई देने से हड़कंप मच गया। खेत में अजगर होने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पाकर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू किया और बाद में उसे जंगल में छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम तुलहेड़ी निवासी बिट्टू शनिवार सुबह पशुओं के लिए चारा लेने जंगल स्थित अपने खेत पर पहुंचा था। वह खेत में चारा काट रहा था, तभी उसे खेत के अंदर से कुछ हलचल और आवाज सुनाई दी। जब उसने पास जाकर देखा तो वहां एक विशाल अजगर मौजूद था। अजगर को देखकर बबलू घबरा गया और उसने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम के कर्मचारी लताफत और रहीस मौके पर पहुंचे। अजगर को देखने के लिए आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में वहां पहुंच गए। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद और सूझबूझ से अजगर को सुरक्षित तरीके से काबू में लेकर उसका रेस्क्यू किया।
रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम अजगर को अपने साथ ले गई और उसे ग्राम सिकरेड़ा के खोला क्षेत्र स्थित जंगल में सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया। अजगर के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।