Ajmer Viral Video: अजमेर में विदेशी महिला पर्यटक से अभद्रता का वीडियो वायरल, चार आरोपियों गिरफ्तार
राजस्थान के अजमेर में इजरायली महिला पर्यटक से बदसलूकी का आरोप
Ajmer Viral Video: अजमेर (सच कहूँ न्यूज़)। राजस्थान के अजमेर में एक विदेशी महिला पर्यटक के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और अश्लील टिप्पणियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना डंपिंग यार्ड क्षेत्र से जुड़ी है, जहां इजरायली महिला पर्यटक के साथ आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने का आरोप है।
वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद अजमेर पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया और आरोपियों की पहचान करने के लिए कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने तकनीकी संसाधनों और अपने आसूचना तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद पुलिस की विशेष टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर चार आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ के दौरान घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही घटना से संबंधित अलग प्रकरण दर्ज कर पूरे मामले की विस्तृत जांच की जाएगी। पुलिस वीडियो की परिस्थितियों और उसमें दिखाई दे रहे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है।
यह कार्रवाई आईजी अजमेर रेंज डॉ. रवि और एसपी अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में की गई। वहीं, एएसपी ग्रामीण डॉ. लालचंद कायल तथा डीएसपी किशनगढ़ धर्मराज चौधरी के निकटतम सुपरविजन में थाना गांधीनगर की विशेष टीम ने आरोपियों की तलाश कर गिरफ्तारी की कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के दौरान घटना से जुड़े प्रत्येक पहलू को देखा जाएगा। वायरल वीडियो की सत्यता, घटनास्थल से जुड़े तथ्य और आरोपियों की भूमिका की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा पर पुलिस का जोर
इस घटना के बाद राजस्थान पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि विदेशी पर्यटकों के साथ अभद्र व्यवहार और महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। पुलिस ने कहा है कि ऐसे मामलों में कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। अजमेर देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। ऐसे में विदेशी पर्यटकों से जुड़े मामलों को लेकर पुलिस की त्वरित कार्रवाई को पर्यटन क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना से संबंधित अलग प्रकरण में आगे की जांच जारी है।