जाखल मंडी की बेटियों ने कला में लहराया परचम
जाखल मंडी की बेटियों ने कला में लहराया परचम
जाखल (सच कहूँ/तरसेम सिंह)। Jakhal News: ‘सेवा संकल्प अभियान—मेरे सपनों का भारत’ के तहत आयोजित जिला स्तरीय ड्राइंग प्रतियोगिता ‘सेवा चित्र रंग’ में पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखल मंडी की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम और द्वितीय स्थान हासिल किया। 9वीं से 12वीं कक्षा के वर्ग में कक्षा 9 की छात्रा देवकी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ₹5,100 का पुरस्कार जीता, जबकि कक्षा 11वीं की छात्रा कुरीना ने द्वितीय स्थान हासिल कर ₹3,100 की पुरस्कार राशि प्राप्त की। दोनों छात्राओं ने कुल ₹8,200 की इनामी राशि जीतकर विद्यालय और जाखल क्षेत्र का नाम रोशन किया।
जिला स्तर पर सफलता हासिल करने के बाद अब देवकी और कुरीना 9 अक्टूबर को पानीपत के आर्य समाज कॉलेज में होने वाली राज्य स्तरीय ड्राइंग प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। छात्राओं की उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य राम मेहर, विद्यालय प्रबंधन समिति और समस्त स्टाफ ने खुशी जताते हुए उन्हें तथा उनके अभिभावकों को बधाई दी।
प्रधानाचार्य ने छात्राओं की सफलता में मार्गदर्शन देने वाले फाइन आर्ट्स अध्यापक वीरेंद्र सिंह और हरविंदर कौर के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने दोनों छात्राओं को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।