शिक्षा और रोजगार
Jhorar Rohi Murder Case: झोरड़रोही में कुलवीर हत्याकांड में आया नया मोड़, दादा के बयान पर हुई कार्रवाई
आत्महत्या के लिए विवश करने के मामले में 7 पर केस
Jhorar Rohi Murder Case: ओढ़ां, (सच कहूँ/राजू)। गांव झोरड़रोही में कुछ दिन पहले हुए कुलवीर उर्फ निक्का हत्याकांड के मामले में नया मोड़ सामने आया है। गांव के 25 वर्षीय युवक लवजीत सिंह ने कीटनाशक का सेवन कर लिया। परिजन उसे उपचार के लिए बठिंडा ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के दादा बाबू सिंह ने आरोप लगाया कि कुलवीर हत्याकांड में फंसाने और जेल भिजवाने की धमकियों से परेशान होकर उसके पौत्र ने यह कदम उठाया। शिकायत के आधार पर रोड़ी पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
खेत में पानी लगाने गया था लवजीत, फसल नष्ट करने का आरोप
पुलिस को दिए बयान में बाबू सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले कुलवीर उर्फ निक्का का कुछ लोगों के साथ झगड़ा हुआ था, जिसमें उसकी मौत हो गई थी। बाबू सिंह का आरोप है कि इस मामले में उसके बेटे सुरजीत सिंह, पौत्र कुलदीप उर्फ मनी समेत परिवार के कुछ अन्य लोगों के नाम रंजिश के चलते लिखवाए गए।
बाबू सिंह के मुताबिक कुलवीर की मौत के बाद उसके परिवार के लोग उनके परिवार से रंजिश रखने लगे। उसका पौत्र लवजीत जब भी खेत में जाता था तो उसे धमकाया जाता था और खेत में काम करने से रोका जाता था। इससे उनकी फसल भी खराब हो गई। आरोप है कि करीब पांच-छह दिन पहले लवजीत खेत में पानी लगाने गया था। इसी दौरान खेत पड़ोसी कोर सिंह और सेंहबर सिंह ने ट्रैक्टर से उनकी फसल नष्ट कर दी। लवजीत ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उसके साथ हाथापाई की गई। बाबू सिंह का आरोप है कि इसी दौरान उसे धमकी दी गई कि कुलवीर उर्फ निक्का हत्याकांड में उसका नाम भी लिखवा दिया जाएगा और उसे जेल भिजवा दिया जाएगा। बाबू सिंह ने पुलिस को बताया कि इन धमकियों के बाद लवजीत काफी डरा और परेशान रहने लगा था। इसके बाद उसने कीटनाशक का सेवन कर लिया। परिजन उसे उपचार के लिए बठिंडा लेकर गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
एक मामले में क्लीन चिट, दूसरा आरोपी जेल में
बाबू सिंह के अनुसार कुलवीर उर्फ निक्का हत्याकांड में उसके बेटे अमरीक सिंह और पौत्र मनी सिंह के नाम भी दर्ज करवाए गए थे। उन्होंने बताया कि घटना के समय अमरीक सिंह पंजाब क्षेत्र में था, जिसके चलते जांच के दौरान उसे क्लीन चिट मिल गई। वहीं मनी सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। बाबू सिंह का आरोप है कि उसके परिवार के लोगों के नाम रंजिश के चलते मामले में शामिल करवाए गए।
सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
रोड़ी थाने की एसआई संगीता ने बताया कि बाबू सिंह के बयान के आधार पर जसपाल सिंह, गगनदीप सिंह, संदीप सिंह, कोर सिंह, सेंहबर सिंह, काला सिंह और भगवंत सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।