Foreign Job Scam: विदेश में नौकरी का सपना दिखाकर 41 युवाओं से 40 लाख ठगे
रूस-इजरायल भेजने के नाम पर फर्जी वीजा और ऑफर लेटर,लक्ष्मी नगर से कार्यालय चलाकर हुआ था फरार
Foreign Job Scam: नई दिल्ली (सच कहूँ न्यूज)। विदेश में नौकरी कर बेहतर भविष्य बनाने का सपना देख रहे 41 युवाओं को कथित तौर पर ठगी का शिकार बनाने वाले आरोपी को आर्थिक अपराध शाखा ने महाराष्ट्र के नालासोपारा से गिरफ्तार किया है। आरोपी शांता राम बरकू शेलके पर करीब 40 लाख रुपये हड़पने का आरोप है। उसने पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर में ह्यएसएस ओवरसीजह्न के नाम से कार्यालय खोलकर युवाओं को रूस और इजरायल में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया पर विदेश में नौकरी के आकर्षक विज्ञापन देकर बेरोजगार युवाओं को अपने जाल में फंसाता था। भरोसा कायम करने के लिए उन्हें फर्जी जॉब ऑफर लेटर, वीजा और हवाई टिकट उपलब्ध कराए जाते थे। पीड़ितों से रकम लेने के बाद जब वे विदेश जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे तो दस्तावेज फर्जी होने का पता चला। इसके बाद पीड़ितों ने आरोपी से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसने मोबाइल बंद कर दिया और लक्ष्मी नगर स्थित कार्यालय भी छोड़कर फरार हो गया। Delhi News
जांच के दौरान आर्थिक अपराध शाखा ने पीड़ितों के बयान, किराया समझौता, बैंक खातों, मोबाइल रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच की। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपने कथित कारोबार को वैध दिखाने के लिए फर्म के नाम पर जीएसटी पंजीकरण भी कराया था। तकनीकी और वित्तीय सुरागों के आधार पर उसकी तलाश दिल्ली, उत्तर प्रदेश और झारखंड में की गई। लगातार निगरानी के बाद आरोपी की लोकेशन महाराष्ट्र के नालासोपारा में मिली, जहां टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को संबंधित अदालत में पेश कर रिमांड की कार्रवाई की है। मामले में उसके आपराधिक इतिहास और ठगी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। Delhi News