Gurugram News: मतदाता सूचियों और चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस कमेटी का जोरदार प्रदर्शन

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की उठी मांग

Published On

Gurugram News: गुरुग्राम (सच कहूँ/संजय कुमार मेहरा)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूचियों व चुनावी प्रक्रिया में कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे कथित अनियमितताओं के आरोपों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी गुरुग्राम ग्रामीण एवं शहरी ने रविवार को विरोध प्रदर्शन किया। 

प्रदर्शन में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और पूर्व सांसद राज बब्बर शामिल हुए। कांग्रेस कार्यकतार्ओं ने कमान सराय स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय से सदर बाजार तक मार्च निकाला। कार्यकर्ता हाथों में झंडे व तख्तियां लेकर पहुंचे और चुनाव आयोग व केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला भी लेकर प्रदर्शन किया गया।

संजय दत्त ने कहा कि निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता और विश्वसनीयता लोकतंत्र की बुनियाद है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के कार्यकाल में लिए गए विवादित निर्णयों और चुनावी प्रक्रियाओं की समीक्षा की मांग की। राव नरेंद्र सिंह ने मतदाता सूची पुनरीक्षण, फॉर्म-6 और एसआईआर प्रक्रिया को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। राज बब्बर ने कहा कि चुनावी व्यवस्था पर जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए गंभीर आरोपों की पारदर्शी जांच होनी चाहिए। 

 

About The Author

Related Posts