Rajasthan Railway News: स्वच्छता पखवाड़ा में रेलवे स्टेशन पर श्रमदान कर अधिकारियों ने दिया स्वच्छता का संदेश

जयपुर मंडल में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता,जनभागीदारी एवं जागरूकता की विभिन्न गतिविधियों का आयोजन

Published On

Rajasthan Railway News: जयपुर (सच कहूँ न्यूज़)। उत्तर पश्चिम रेलवे  जयपुर मंडल में “स्वच्छता ही सेवा"  स्वच्छता पखवाड़ा-2026” के अंतर्गत 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न स्वच्छता एवं जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष अभियान का प्रमुख संदेश “स्वच्छता में सहभाग; स्वच्छ भारत,विकसित भारत” है। अभियान के माध्यम से रेलवे स्टेशनों,रेलवे परिसरों,ट्रेनों, रेलवे कॉलोनियों,डिपो एवं अन्य स्थानों पर स्वच्छता को बढ़ावा देने के साथ-साथ यात्रियों,रेलकर्मियों एवं आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत गुरुवार दिनांक 1 अक्टूबर 2026 को महाप्रबंधक,उत्तर पश्चिम रेलवे पंकज शर्मा एवं मंडल रेल प्रबंधक,जयपुर रवि जैन ने मुख्यालय एवं मंडल के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ जयपुर रेलवे स्टेशन पर श्रमदान किया। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्टेशन परिसर में स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाई तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ रेलवे परिसर के निर्माण का संदेश दिया। कार्यक्रम में रेलकर्मियों ने सामूहिक रूप से श्रमदान करते हुए स्वच्छता को दैनिक कार्य संस्कृति का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

भूपेश यादव वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जयपुर ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी अभियान अथवा विशेष दिवस तक सीमित विषय नहीं है,बल्कि यह प्रत्येक व्यक्ति की दैनिक जिम्मेदारी है। रेलवे परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने में रेलकर्मियों के साथ यात्रियों और आमजन की सहभागिता भी अत्यंत महत्वपूर्ण है स्वच्छता ही सेवा अभियान के माध्यम से लोगों को कचरे का उचित निस्तारण,कचरा पृथक्करण,सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने तथा सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सामूहिक सहभागिता से ही स्वच्छ,सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल रेलवे परिसर का निर्माण संभव है।

जयपुर मंडल में अभियान के प्रथम दिवस 17 सितंबर को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में स्वच्छता शपथ का आयोजन किया गया तथा स्वच्छता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। गणपति नगर रेलवे कॉलोनी में स्कूली बच्चों के लिए क्विज प्रतियोगिता एवं स्वच्छता जागरूकता रैली आयोजित की गई। जयपुर, रींगस, रेवाड़ी, बांदीकुई, अलवर, गांधीनगर जयपुर सहित विभिन्न स्टेशनों पर भी स्वच्छता शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान के दौरान “स्वच्छ पाठशाला एवं युवा सहभागिता” के अंतर्गत विद्यार्थियों एवं युवाओं को स्वच्छता से जोड़ने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। रींगस,गांधीनगर, फुलेरा,रेवाड़ी सहित विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता जागरूकता रैलियां निकाली गईं। स्वच्छता रथ के माध्यम से लोको कॉलोनी,गणपति नगर,पानीपेच एवं कालवाड़ रेलवे कॉलोनियों में घर-घर जनजागरूकता अभियान चलाया गया।

CTU एवं कचरा संवेदनशील स्थलों के रूपांतरण के अंतर्गत जयपुर, दौसा, रेवाड़ी, गांधीनगर, दुर्गापुरा, बांदीकुई, अलवर, रींगस एवं सीकर सहित विभिन्न स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाए गए। रेलवे स्टेशनों एवं परिसरों में प्लेटफॉर्म, ट्रैक, सर्कुलेटिंग एरिया, नालियों, शौचालयों एवं स्नानघरों की विशेष सफाई की गई। विभिन्न रेलवे परिसरों में कचरे के उचित पृथक्करण एवं निस्तारण के संबंध में भी जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।

“स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी एवं स्वच्छ जनसमुदाय” विषय के अंतर्गत चयनित ट्रेनों में विशेष स्वच्छ रेलगाड़ी अभियान चलाया गया। यात्रियों को स्वच्छता बनाए रखने,कचरा डस्टबिन में डालने तथा रेलवे परिसर में गंदगी नहीं फैलाने के लिए जागरूक किया गया। विभिन्न स्टेशनों पर स्वच्छता संवाद आयोजित कर चार प्रकार के कचरे के पृथक्करण तथा डस्टबिन के उचित उपयोग की जानकारी दी गई।

अभियान के दौरान “सिंगल यूज प्लास्टिक को ना कहें” विषय पर भी व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। रेवाड़ी,फुलेरा, रींगस,गांधीनगर,दुर्गापुरा एवं बांदीकुई सहित विभिन्न स्टेशनों पर जागरूकता रैलियां आयोजित की गईं। जयपुर स्टेशन पर PBCM मशीन के माध्यम से प्लास्टिक कचरा संग्रहण एवं उसके उचित निस्तारण के प्रति यात्रियों को जागरूक किया गया।

स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए खेल गतिविधियों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। गणपति नगर रेलवे कॉलोनी में मेडिकल एवं नर्सिंग टीमों के मध्य क्रिकेट मैच के माध्यम से स्वच्छता एवं सहभागिता का संदेश दिया गया। जयपुर स्टेडियम में खेल गतिविधियों के माध्यम से भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाई गई।

“स्वच्छ पर्यटन एवं विरासत रेलवे स्थल” विषय के अंतर्गत जयपुर के विरासत रेलवे स्थलों,कोचिंग डिपो स्थित म्यूजियम कोच गैलरी तथा बांदीकुई के स्टीम इंजन एवं हेरिटेज चर्च के आसपास स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण गतिविधियां आयोजित की गईं। इसके साथ ही रेलवे अस्पतालों एवं सामुदायिक स्वच्छता परिसरों में भी विशेष सफाई एवं जागरूकता गतिविधियां की गईं।

“स्वच्छता से समृद्धि” की थीम के अंतर्गत रेलवे स्क्रैप के रचनात्मक उपयोग को प्रोत्साहित किया गया। वैगन डिपो फुलेरा में पुराने सिग्नलिंग उपकरण,कोच पार्ट्स एवं धातु स्क्रैप आदि का उपयोग कर उपयोगी एवं कलात्मक वस्तुएं तैयार की गईं। फुलेरा में रेलवे स्क्रैप से जेट एयरक्राफ्ट तथा जयपुर कोचिंग डिपो में आर्मी टैंक की कलाकृति तैयार कर “कबाड़ से जुगाड़/कबाड़ से कला” का संदेश दिया गया।

अभियान में सफाई मित्रों की सुरक्षा,सेवा एवं सम्मान को भी विशेष प्राथमिकता दी गई। विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर सफाई मित्रों को PPE किट वितरित किए गए। बांदीकुई एवं फुलेरा सहित विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए गए तथा जयपुर स्टेशन पर सफाई मित्रों के लिए कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित शिविर एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

1 अक्टूबर को आयोजित श्रमदान कार्यक्रम के साथ जयपुर स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक,स्काउट एवं गाइड द्वारा स्वच्छता जागरूकता रैली,सेल्फी प्वाइंट एवं अन्य जनभागीदारी गतिविधियों का आयोजन किया गया। “श्रमदान-एक घंटा,एक दिन, )एक साथ” अभियान के अंतर्गत जयपुर मंडल के 23 स्थानों पर सामूहिक श्रमदान किया गया। जयपुर स्टेशन पर मेगा श्रमदान के साथ मंडल के विभिन्न स्टेशनों,डिपो,रेलवे कॉलोनियों एवं अस्पतालों में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सामूहिक श्रमदान किया गया।

जयपुर मंडल द्वारा स्वच्छता ही सेवा एवं स्वच्छता पखवाड़ा के माध्यम से स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि स्वच्छ रेलवे स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी और स्वच्छ रेलवे परिसर केवल रेलवे की जिम्मेदारी नहीं,बल्कि प्रत्येक यात्री,रेलकर्मी और नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। स्वच्छता के प्रति निरंतर जागरूकता एवं सामूहिक सहभागिता से ही स्वच्छ एवं विकसित भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।

Jaipur-Swachhata-Pakhwada

About The Author

Related Posts