घर के बाहर हथियारों से लैस होकर पहुंचे 10-12 लोग, ईंटें बरसाने का आरोप

मारपीट में युवक की आंख के ऊपर चोट, मां के हाथ पर भी लगी चोट, पूर्व दर्ज मुकदमे से जुड़ा मामला

Published On

हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। Hanumangarh Crime News: जंक्शन की आईटीआई बस्ती में घर के बाहर हथियारों से लैस होकर पहुंचे लोगों की ओर से गाली-गलौज करने, ईंटें फेंकने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना में परिवादी के आंख के ऊपर चोट लगी, जिसके बाद उसे टांके लगाए गए। उसकी मां के हाथ पर भी चोट लगने की रिपोर्ट दी गई है। जंक्शन थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस के अनुसार सतपाल (39) पुत्र लीलाधर खाती निवासी वार्ड नंबर 8, आईटीआई बस्ती, जंक्शन ने रिपोर्ट दी।

परिवादी ने बताया कि 27 सितंबर की रात करीब 9 बजे वह अपने घर में मित्र मनोज, अजय आदि के साथ बैठा था। इसी दौरान प्रिन्स उर्फ कालू पुत्र नरेन्द्र, पूजा पत्नी प्रिन्स उर्फ कालू व गांधी निवासी वार्ड नंबर 8, जंक्शन, तरुण सोनी व बुग्गी निवासी नई खुंजा, गोलू तथा 10-12 अन्य लोग हाथों में लाठियां, गंडासियां व अन्य धारदार हथियार लेकर उसके घर के बाहर आए। आरोपियों ने घर के बाहर गाली-गलौज करते हुए पास में पड़ी ईंटें उठाकर घर की ओर फेंकना शुरू कर दिया। इस दौरान परिवादी की बाईं आंख के ऊपर चोट लगी, जबकि उसकी माता तारा देवी के बाएं हाथ पर चोट लगी। शोर मचाने पर नक्षत्र सिंह, प्रीत, प्रकाश, विक्की आदि मौके पर पहुंचे और आरोपियों को ललकारा, जिसके बाद सभी मौके से भाग गए।

परिवादी के अनुसार चोट के कारण उसकी बाईं आंख के ऊपरी हिस्से पर टांके लगाए गए हैं और उसका राजकीय जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार इसी प्रकरण के संबंध में पूर्व में मुकदमा नंबर 639/2026 दर्ज है, जिसका अनुसंधान एससीएसटी सेल सीओ करण सिंह की ओर से किया जा रहा है। इस प्रकरण का अनुसंधान भी एससीएसटी सेल सीओ को सौंपा गया है।

About The Author

Related Posts