Road Safety: सरसा में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती, अब बच नहीं पाएगी जिम्मेदार एजेंसी
छह माह में डीएलपी खत्म होने वाली सड़को की एडीसी ने मांगी सूची
Road Safety: सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। सड़क पर गड्ढा मिला और उसकी वजह से हादसा हुआ तो संबंधित एजेंसी जिम्मेदारी से नहीं बच सकेगी। प्रशासन ने सड़कों के रखरखाव को लेकर सख्ती बरतते हुए गड्ढों की पहचान कर उन्हें तत्काल भरने के निर्देश दिए हैं। अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने अधिकारियों से कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कामों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके साथ ही शहरी क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाने, क्षतिग्रस्त पुलों की मरम्मत और खराब होने वाली सड़कों की समय रहते मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त उपायुक्त मंगलवार को लघु सचिवालय के सभागार में जिला सड़क सुरक्षा कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में सड़क निर्माण एवं रखरखाव, दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई।
गड्ढों पर निगरानी, हादसा हुआ तो एजेंसी पर कार्रवाई
एडीसी ने कहा कि सड़क पर खुले गड्ढे दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। संबंधित एजेंसियां नियमित रूप से सड़कों का निरीक्षण करें और गड्ढे मिलने पर उन्हें तुरंत भरवाएं। यदि किसी गड्ढे के कारण दुर्घटना होती है तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शहरी क्षेत्रों में सड़कों पर किए गए अतिक्रमण को लेकर भी अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एडीसी ने कहा कि अतिक्रमण से सड़क की चौड़ाई कम होती है, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटना की आशंका बढ़ती है। संबंधित अधिकारी नियमित निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
डीएलपी खत्म होने से पहले कराएं मरम्मत
सभी संबंधित एजेंसियों से उन सड़कों की सूची मांगी गई है, जिनकी दोष दायित्व अवधि (डीएलपी) अगले छह माह में समाप्त होने वाली है। एडीसी ने इन सड़कों की स्थिति की समीक्षा कर जरूरी मरम्मत समय रहते पूरी कराने को कहा, ताकि डीएलपी समाप्त होने के बाद सड़क खराब होने की स्थिति में परेशानी न हो। इसके अलावा जिले में क्षतिग्रस्त पुलों की पहचान कर उनकी मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए।
मॉडल रोड पर सुरक्षा के सभी इंतजाम जरूरी
बैठक में विभिन्न सड़क निर्माण एजेंसियों की ओर से विकसित किए जा रहे मॉडल रोड की प्रगति की समीक्षा की गई। एडीसी ने निर्देश दिए कि मॉडल रोड पर सड़क निर्माण के साथ सड़क सुरक्षा से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएं। बैठक में एसडीएम सरसा राजेंद्र कुमार, एसडीएम ऐलनाबाद अदिति सिंघानिया, एसडीएम डबवाली योगेश दिलहोर, आरटीए संजय बिश्नोई, डीएफओ सतीश कुमार, डीईओ सुभाष फुटेला, रोडवेज जीएम अजय दलाल, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के एक्सईएन कमलदीप सिंह, सिंचाई विभाग के एक्सईएन संदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।