Cleanliness Sirsa: सिरसा में सुधरेगी सफाई व्यवस्था! होंगे 5.11 करोड़ खर्च

अलग-अलग एजेंसियों को सौंपा जाएगा सफाई और कचरा उठाने का जिम्मा

Published On

Clean Sirsa: सरसा (सच कहूँ न्यूज)। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर परिषद ने अब व्यवस्था बदलने की तैयारी की है। सफाई का जिम्मा एक ही एजेंसी के बजाय शहर को चार जोन में बांटकर अलग-अलग एजेंसियों को दिया जाएगा। इसके लिए नगर परिषद ने करीब 5.11 करोड़ रुपये के टेंडर लगाए हैं। नई व्यवस्था में सड़कों, गलियों और कॉलोनियों की सफाई के साथ कचरा उठाने की व्यवस्था पर भी नजर रखी जाएगी।

काम में देरी या लापरवाही मिलने पर संबंधित एजेंसी की जवाबदेही तय होगी और भुगतान में कटौती की जा सकेगी। नई व्यवस्था के तहत शहर को चार हिस्सों में बांटा गया है। प्रत्येक जोन के लिए अलग टेंडर लगाया गया है। इससे किसी क्षेत्र में सफाई नहीं होने की शिकायत आने पर सीधे संबंधित एजेंसी की जिम्मेदारी तय की जा सकेगी। नगर परिषद का प्रयास है कि सफाई व्यवस्था नियमित होने के साथ उसकी निगरानी भी बेहतर तरीके से हो।

5.11 करोड़ खर्च कर सुधारी जाएगी व्यवस्था

सफाई व्यवस्था के लिए लगाए गए टेंडरों की कुल राशि करीब 5 करोड़ 11 लाख रुपये है। इसमें शहर की मुख्य सड़कों के अलावा कॉलोनियों और अंदरूनी गलियों में नियमित सफाई, कचरा उठाने और संबंधित कार्य शामिल होंगे। नगर परिषद की ओर से निर्धारित शर्तों के अनुसार एजेंसियों को काम सौंपा जाएगा।

किस जोन में कितना खर्च

  1. जोन-1: बस स्टैंड से सरसा जेल तक —1.34 करोड़ रुपये
  2. जोन-2: बस स्टैंड से लालबत्ती चौक और लाल बत्ती चौक से डबवाली रोड बाई तरफ का क्षेत्र और बीच का डिवाइडर का क्षेत्र 1.32 करोड़ रुपये
  3. जोन-3: बस स्टैंड से परशुराम चौक, परशुराम चौक से गोल डिग्गी, वीटा मिल्क प्लांट का क्षेत्र — 1.33 करोड़ रुपये
  4. जोन-4: परशुराम चौक से तारा बाबा कुटिया मुख्य रोड, बाई तरफ का क्षेत्र और बीच का डिवाइडर एरिया —1.12 करोड़ रुपये।

समय पर सफाई नहीं हुई तो एजेंसी पर कार्रवाई

नई व्यवस्था में सफाई के साथ कचरा उठाने की समयबद्धता पर भी नजर रखी जाएगी। किसी क्षेत्र में निर्धारित समय पर सफाई नहीं होने या कचरा नहीं उठने की शिकायत मिलने पर संबंधित एजेंसी से जवाब मांगा जा सकेगा। नई व्यवस्था का एक उद्देश्य कर्मचारियों और संसाधनों की जिम्मेदारी स्पष्ट करना भी है। अभी सफाई कर्मचारियों को जरूरत के अनुसार एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में भेजने की स्थिति बनती रहती है। 

 

About The Author

Related Posts