Paddy Procurement: धान खरीद शुरु होते ही अटकी, मंडियों में व्यवस्था ठप

दो दिन से फसल लेकर बैठे रोड़ी में किसान

Published On

Paddy Procurement: सरसा  (सच कहूँ न्यूज)। जिले में मंगलवार से धान की सरकारी खरीद शुरू हो गई, लेकिन पहले ही दिन मंडियों में खरीद व्यवस्था पटरी पर नहीं आ सकी। रोड़ी अनाज मंडी में किसान पिछले दो दिन से धान लेकर पहुंचे हुए हैं, लेकिन देर शाम तक खरीद अधिकारी मंडी में नहीं पहुंचे। डबवाली और देसूजोधा मंडियों में भी धान की आवक हुई, मगर सरकारी खरीद नहीं हो सकी। डबवाली में धान में नमी निर्धारित सीमा से अधिक मिलने के कारण खरीद रोकनी पड़ी। वहीं सरसा अनाज मंडी में अभी पीआर धान की आवक शुरू नहीं हुई है।

रोड़ी में दो दिन से फसल लेकर बैठे किसान

रोड़ी अनाज मंडी में पिछले दो दिनों से किसान धान लेकर पहुंच रहे हैं। किसानों के अनुसार फसल में नमी 12 से 15 प्रतिशत के बीच है। खरीद सीजन के पहले दिन भी देर शाम तक खरीद अधिकारी मंडी में नहीं पहुंचे। किसान बलविंदर सिंह, जरनैल सिंह, भूपेंद्र सिंह और जन्टा सिंह ने बताया कि वे दो दिन से फसल लेकर मंडी में बैठे हैं और खरीद शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। डीएफएससी अधिकारी कुलदीप कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से खरीद केंद्र की ड्यूटी लगाई गई है, लेकिन राज्य सरकार की ओर से अभी आदेश जारी नहीं हुए हैं। मिल मालिकों की समस्याओं को लेकर हड़ताल चल रही है और कई मिल मालिकों ने पंजीकरण भी नहीं करवाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि एक-दो दिन में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी और इसके बाद खरीद व उठान शुरू हो सकेगा।

मिल मालिकों की हड़ताल से भी व्यवस्था प्रभावित

रोड़ी मिल यूनियन के प्रधान अशोक कुमार राजू ने बताया कि मिल मालिकों की समस्याओं का समाधान नहीं होने के कारण रोड़ी के करीब आठ मिलों में से किसी ने भी फिलहाल पंजीकरण नहीं करवाया है। उन्होंने कहा कि जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक खरीद व्यवस्था को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। मिल संचालकों के अनुसार मिलों में पिछली खरीद का हैफेड का गेहूं भी पड़ा हुआ है। इसका उठान नहीं होने के कारण आने वाले दिनों में धान के भंडारण के लिए जगह की समस्या खड़ी हो सकती है।

डबवाली में 939 क्विंटल आवक, नमी ने रोकी खरीद

डबवाली अनाज मंडी में पहले दिन दो ढेरियों में 75 क्विंटल धान की आवक हुई, जबकि देसूजोधा मंडी में 864 क्विंटल धान पहुंचा। मार्केट कमेटी सचिव ऋषिराज ने बताया कि डबवाली मंडी में कुल 939 क्विंटल धान पहुंच चुका है। धान में नमी करीब 20 प्रतिशत मिली, जबकि सरकारी खरीद के लिए नमी की सीमा 17 प्रतिशत तक है। अधिक नमी के कारण मंगलवार को खरीद नहीं हो सकी। अबूबशहर निवासी किसान जसवीर सिंह ने बताया कि गांव की अनाज मंडी में निर्माण कार्य चल रहा है। जगह नहीं होने और घर पर धान सुखाने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण वह फसल डबवाली मंडी लेकर आए हैं। उन्हें उम्मीद है कि नमी कम होने के बाद बुधवार को फसल की तुलाई हो सकेगी।

आढ़तियों के लाइसेंस की अवधि 31 मार्च तक बढ़ी

धान खरीद सीजन के दौरान खरीद केंद्रों पर आढ़तियों की उपलब्धता बनाए रखने के लिए 30 सितंबर 2026 को समाप्त होने वाले लाइसेंस की अवधि बढ़ाकर 31 मार्च 2027 कर दी गई है। मार्केट कमेटी चेयरमैन सतीश जग्गा ने कहा कि इससे खरीद केंद्रों पर आढ़तियों की उपलब्धता बनी रहेगी और किसानों को फसल बेचने में सुविधा होगी।

About The Author

Related Posts