पानी लगाने के विवाद में किसान पर लोहे की रॉड से हमला, सिर में गंभीर चोट

रॉड के वार से बचने के प्रयास में कोहनी पर हुआ फ्रैक्चर, दूसरे वार में सिर फटा

Published On

हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)।  Hanumangarh: संगरिया थाना क्षेत्र के गांव फतेहपुर में खेत में पानी लगाने को लेकर हुए विवाद में एक किसान पर लोहे की रॉड से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी ने किसान के सिर पर दो बार रॉड से वार किया। बचाव के दौरान हाथ की कोहनी पर चोट लगने से फ्रैक्चर हो गया, जबकि दूसरे वार में सिर में गंभीर चोट लगी और वह बेहोश हो गया। घायल को हनुमानगढ़ टाउन के राजकीय जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया है। संगरिया थाना पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार अकबर (35) पुत्र रमजान निवासी वार्ड नंबर 9, फतेहपुर ने रिपोर्ट दी।

परिवादी ने बताया कि गांव का कासम खां उसके भाई अनवर खां से रंजिश रखता है और करीब पांच दिन पहले उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी। रिपोर्ट के अनुसार 28 सितंबर को शाम करीब 5 बजे अनवर खां चक 20 एफटीपी स्थित अपने खेत में निर्धारित समय पर पानी लगा रहा था। इसी दौरान पड़ोसी खेत के कासम खां पुत्र वारिस खां भट्टी निवासी फतेहपुर ने उनके खेत का खाला बंद करने का प्रयास किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। परिवादी का आरोप है कि कासम खां ने गाली-गलौज करते हुए अनवर खां को जान से मारने की नीयत से लोहे की रॉड से उसके सिर पर वार किया। अनवर ने बचाव के लिए हाथ आगे किया तो रॉड उसकी कोहनी पर लगी, जिससे फ्रैक्चर हो गया। इसके बाद आरोपी ने दोबारा सिर पर रॉड से वार किया, जिससे गंभीर चोट लगने के कारण खून बहने लगा और अनवर बेहोश हो गया।

शोर सुनकर अकबर और असलम मौके पर पहुंचे और घायल अनवर को उठाकर राजकीय जिला चिकित्सालय हनुमानगढ़ टाउन ले गए। अनवर का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उसकी स्थिति गंभीर बताई गई है। परिवादी की रिपोर्ट पर संगरिया थाना पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक रोहताश कुमार को सौंपी गई है।

About The Author

Related Posts