अभिषेक शर्मा हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

सात माह बाद भी हत्यारे पुलिस की पकड़ से बाहर, एसआईटी गठित होने के बावजूद नहीं मिला सुराग

Published On

Rajasthan Crime News: हनुमानगढ़ (सच कहूँ)। भादरा तहसील के गांव नेठराना निवासी अभिषेक शर्मा हत्याकांड में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सर्व ब्राह्मण महासभा की ओर से बुधवार को जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया। महासभा ने मामले की सभी पहलुओं से जांच कर हत्यारों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।

महासभा जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद शर्मा ने बताया कि गोगामेड़ी थाना क्षेत्र के गांव नेठराना निवासी अभिषेक शर्मा पुत्र रजनीश शर्मा की 10 फरवरी 2026 को नेठराना में अज्ञात हत्यारों ने हत्या कर दी थी। घटना को करीब सात माह बीत चुके हैं, लेकिन अब तक हत्यारों का पता नहीं चल पाया है। मामले में एसआईटी भी गठित की गई थी, लेकिन उसके स्तर पर भी अभी तक आरोपियों का सुराग नहीं लग पाया है। दुर्गा प्रसाद शर्मा ने कहा कि समाज के लोग पूर्व में भी इस मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों से मिल चुके हैं।

इससे पहले गोगामेड़ी थाने के सामने एक माह से अधिक समय तक धरना भी दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद परिवार को न्याय नहीं मिला। ज्ञापन में हत्या की सभी संभावित पहलुओं से जांच कर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की गई। महासभा ने कहा कि मामला क्षेत्र की प्रमुख चिंता का विषय है और अभिषेक का परिवार लगातार न्याय के लिए प्रयास कर रहा है। इस मौके पर चन्द्रभान तिवारी, रमानन्द शर्मा, विश्वामित्र, प्यारासिंह, हरिकृष्ण शर्मा, हिमांशु शर्मा, लोकराज शर्मा सहित समाज के कई नागरिक मौजूद रहे।

About The Author

Related Posts