Railway Vacancy 2026: रेलवे में नौकरी का मौका, पर भर्ती कराने वाले बोर्ड में ही स्टाफ संकट! 75 पद रिक्त

रेलवे में नौकरी का मौका, पर भर्ती कराने वाले बोर्ड में ही स्टाफ संकट! 75 पद रिक्त

Published On

Railway Group-D Recruitment: रेलवे में लगातार नई भर्तियां निकाली जा रही हैं और लाखों उम्मीदवार सरकारी नौकरी पाने के लिए परीक्षाओं में शामिल हो रहे हैं। लेकिन जिस रेलवे भर्ती बोर्ड पर इन भर्तियों को पूरा कराने की जिम्मेदारी है, वहां ही कर्मचारियों की कमी सामने आ रही है। आरआरबी प्रयागराज में स्वीकृत पदों के मुकाबले करीब 22.5 फीसदी पद खाली बताए जा रहे हैं।

उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक आरआरबी प्रयागराज में कुल 661 पद स्वीकृत हैं, जबकि करीब 606 कर्मचारी ही तैनात हैं। यानी लगभग 75 पद रिक्त हैं। भर्ती परीक्षाओं के आयोजन से लेकर उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच और नियुक्ति से जुड़े काम इसी स्टाफ के जरिए किए जा रहे हैं।

उत्तर मध्य रेलवे के मंडलों में भी स्टाफ की कमी

कर्मचारियों की कमी सिर्फ आरआरबी प्रयागराज तक सीमित नहीं है। उत्तर मध्य रेलवे के अलग-अलग मंडलों में भी बड़ी संख्या में पद खाली बताए जा रहे हैं।

प्रयागराज मंडल: 36,196 स्वीकृत पदों में करीब 20 फीसदी पद खाली
झांसी मंडल: करीब 19 फीसदी पद रिक्त
आगरा मंडल: 12 फीसदी से ज्यादा पद खाली
रेलवे में नई परियोजनाओं के साथ ट्रेन संचालन और दूसरे नियमित काम लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में रिक्त पदों का मुद्दा कर्मचारी संगठनों के लिए भी चिंता का विषय बना हुआ है।

कर्मचारियों पर बढ़ रहा अतिरिक्त काम का दबाव

नॉर्थ सेंट्रल रेलवे मेंस यूनियन के महामंत्री आरडी यादव के मुताबिक पिछले महीने हुई पीएनएम बैठक में भी रिक्त पदों का मुद्दा उठाया गया था। उनका कहना है कि बड़ी संख्या में पद खाली होने के कारण मौजूदा कर्मचारियों को अतिरिक्त ड्यूटी करनी पड़ रही है। इसका असर कर्मचारियों की छुट्टियों पर भी पड़ रहा है। उनका दावा है कि समय पर छुट्टी नहीं मिलने और लगातार अतिरिक्त काम करने से कर्मचारियों पर काम का दबाव बढ़ रहा है।

कर्मचारी संगठन लंबे समय से खाली पदों को जल्द भरने की मांग कर रहे हैं। संगठन का कहना है कि रेलवे में नई परियोजनाओं और ट्रेन संचालन से जुड़े काम बढ़ने के साथ पर्याप्त स्टाफ की जरूरत भी बढ़ रही है।

रेलवे ने भर्ती प्रक्रिया को बताया लगातार चलने वाली प्रक्रिया

रिक्त पदों को लेकर उत्तर मध्य रेलवे के वरिष्ठ पीआरओ डॉ. अमित मालवीय ने कहा कि कर्मचारियों की भर्ती एक लगातार चलने वाली प्रक्रिया है। उन्होंने बताया कि सेवानिवृत्ति के कारण खाली होने वाले पदों को भर्ती प्रक्रिया के जरिए भरा जाता है। इस बीच रेलवे में अलग-अलग पदों पर भर्ती प्रक्रिया भी जारी है और कई भर्तियां अपने अगले चरण में पहुंच चुकी हैं।

ग्रुप-D भर्ती में अब डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल

रेलवे ग्रुप-D भर्ती प्रक्रिया भी अब अगले चरण में पहुंच गई है। आरआरसी प्रयागराज के अनुसार 25 से 31 जुलाई 2026 के बीच डीएसए ग्राउंड में 3,736 उम्मीदवारों की फिजिकल दक्षता परीक्षा कराई गई थी।अब फिजिकल परीक्षा में सफल उम्मीदवारों के डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन (DV) और मेडिकल टेस्ट की प्रक्रिया होनी है। इसे अक्टूबर से नवंबर के बीच पूरा करने की योजना है।

आरआरसी प्रयागराज की ओर से DV और मेडिकल की तारीख, स्थान और कैटेगरी के हिसाब से कटऑफ की जानकारी जल्द आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।

ग्रुप-D भर्ती में कुल 32,438 पद

इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 32,438 पदों पर नियुक्तियां होनी हैं। इनमें से 2,020 पद प्रयागराज क्षेत्र के हिस्से में आए हैं।

ऐसे में एक तरफ रेलवे में बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार देने के लिए भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, वहीं दूसरी तरफ भर्ती कराने वाले विभागों और रेलवे के अलग-अलग मंडलों में कर्मचारियों की कमी का मुद्दा भी सामने आ रहा है।

 

About The Author

Related Posts