छात्र जीवन भविष्य की नींव, लक्ष्य तय कर मेहनत करें छात्राएं: नीलम सिंह चौहान
इंटरनेट का सदुपयोग कर शिक्षा व ज्ञानवर्धन पर दें जोर
बिनौली ((सच कहूँ/डॉ संदीप दहिया)। Binauli News: दादरी स्थित चौधरी फूल सिंह आर्य कन्या महाविद्यालय में बुधवार को नव सत्र का शुभारंभ समारोहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला समाज कल्याण अधिकारी नीलम सिंह चौहान ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसके बाद छात्राओं सिमरन, जनवी, हिना, सानिया, अवंतिका, आशु व अंशु आदि ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत प्रस्तुति दी।
छात्राओं ने ‘संदेशे आते हैं’, द्रोपदी चीरहरण, राधा-कृष्ण नृत्य, देशभक्ति से ओतप्रोत सामूहिक नृत्य, लोक नृत्य तथा राजस्थानी गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि नीलम सिंह चौहान ने छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि छात्र जीवन भविष्य की नींव तैयार करने का सबसे महत्वपूर्ण समय होता है। छात्राओं को नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित होकर पढ़ाई पर पूरा ध्यान देना चाहिए और अपना लक्ष्य स्पष्ट रखते हुए निरंतर मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में इंटरनेट ज्ञान का बड़ा माध्यम है, लेकिन इसका सदुपयोग शिक्षा और ज्ञानवर्धन के लिए किया जाना चाहिए। सोशल मीडिया पर समय व्यर्थ करने के बजाय ऑनलाइन उपलब्ध शैक्षिक सामग्री का लाभ लेकर छात्राएं अपनी प्रतिभा और क्षमता को निखारें।
अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने वाली छात्राएं निश्चित रूप से जीवन में सफलता हासिल करेंगी। पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी बागपत श्याम सुंदर इग्नोरिया ने कहा कि छात्राएं शिक्षा को केवल परीक्षा पास करने का माध्यम न समझें, बल्कि इसे अपने व्यक्तित्व और भविष्य को मजबूत बनाने का आधार बनाएं। समय का सदुपयोग और मेहनत सफलता की कुंजी है। छात्राओं को अपनी प्रतिभा पर विश्वास रखते हुए निरंतर आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए।
राजकीय माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष विपिन भारद्वाज, अमित निरवाल, प्रो. प्रशांत कुमार एवं पूर्व प्रधानाचार्य आचार्य विनोद कुमार शास्त्री ने भी छात्राओं को अनुशासन, मेहनत, संस्कार एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कॉलेज प्रबंधक डॉ. ओमपाल सिंह एवं प्राचार्या डॉ. अंजली रावत ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में रालोद नेता राजू तोमर सिरसली, भाजपा पिछड़ा वर्ग के जिलाध्यक्ष श्रीओम कश्यप, सुभाष नैन, पूर्व प्रधानाचार्य राजेन्द्र राठी, रणवीर सिंह दरोगा, मुकेश त्यागी, अशोक गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।