इंडिया एक्सपो मार्ट ने पूरे किए 25 साल, शेयरधारकों को 25% लाभांश
इंडिया एक्सपो मार्ट ने पूरे किए 25 साल, शेयरधारकों को 25% लाभांश
ग्रेटर नोएडा (सच कहूँ न्यूज़ )। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (आईईएमएल) ने 30 सितंबर को आयोजित अपनी 25वीं वार्षिक आम बैठक में रजत जयंती मनाई। बैठक में कंपनी ने प्रदर्शनी, इवेंट मैनेजमेंट, हॉस्पिटैलिटी और स्वामित्व वाले इवेंट आईपी के क्षेत्र में अपनी विकास यात्रा और आगामी योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी ने स्टैंडअलोन आधार पर 276.656 करोड़ रुपये की आय और 36.365 करोड़ रुपये का कर-पश्चात लाभ दर्ज किया।
शेयरधारकों ने लेखापरीक्षित वित्तीय विवरणों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी। कंपनी के ऑडिटर ने भी वित्तीय विवरणों पर बिना किसी शर्त या प्रतिकूल टिप्पणी के अपनी पुष्टि दी। बैठक में 31 मार्च 2026 को समाप्त वित्तीय वर्ष के लिए 25 प्रतिशत लाभांश घोषित किया गया। इसके तहत पांच रुपये अंकित मूल्य वाले प्रत्येक पूर्ण चुकता इक्विटी शेयर पर 1.25 रुपये लाभांश दिया जाएगा। शेयरधारकों ने सुधीर कुमार त्यागी और राज कुमार मल्होत्रा को गैर-कार्यकारी निदेशक के रूप में पुनर्नियुक्त करने तथा बीरेंद्र कुमार बेंगानी को स्वतंत्र निदेशक के रूप में दूसरा कार्यकाल देने को मंजूरी दी। राकेश कुमार श्रीवास्तव की गैर-कार्यकारी स्वतंत्र निदेशक के रूप में नियुक्ति को भी स्वीकृति प्रदान की गई।कंपनी प्रबंधन ने केंद्र व राज्य सरकारों, ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण, हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद, बैंकिंग भागीदारों, संस्थागत हितधारकों और कर्मचारियों के सहयोग के प्रति आभार जताया।