घरौंडा अनाज मंडी में सीबीआई की रेड, 3-4 आढ़त फर्में जांच में

645 करोड़ के सरकारी फंड घोटाले से जुड़े लेनदेन की जांच, पुलिस बल के साथ पहुंची टीमों ने फर्मों और मार्केट कमेटी से रिकॉर्ड जुटाया

Published On

घरौंडा (सच कहूँ न्यूज़)। Gharaunda News: हरियाणा के 645 करोड़ रुपए के सरकारी फंड घोटाले की जांच बुधवार को घरौंडा तक पहुंची। सीबीआई की टीमों ने पुलिस बल के साथ घरौंडा अनाज मंडी में आढ़त फर्मों से जुड़े दस्तावेज और रिकॉर्ड खंगाले। इसके बाद टीम मार्केट कमेटी कार्यालय पहुंची और संबंधित फर्मों का उपलब्ध रिकॉर्ड जांचा। सूत्रों के अनुसार 3 से 4 आढ़त फर्में जांच के दायरे में हैं। हालांकि, सीबीआई की ओर से कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया।

सीबीआई टीमों ने घरौंडा अनाज मंडी में उन आढ़त फर्मों से जुड़े दस्तावेज जुटाए, जिनके नाम घोटाले से जुड़े लेनदेन में सामने आने की बात कही जा रही है। सूत्रों के अनुसार फर्मों के कथित फर्जी बिलिंग और धन शोधन से जुड़े लेनदेन की जांच की जा रही है। टीम संबंधित रिकॉर्ड का मिलान कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही फर्मों की भूमिका स्पष्ट होगी। आढ़त फर्मों के रिकॉर्ड की जांच के बाद सीबीआई अधिकारी मार्केट कमेटी कार्यालय पहुंचे। यहां अधिकारियों ने फर्मों से संबंधित उपलब्ध दस्तावेज और रिकॉर्ड की जानकारी ली। टीम देर शाम तक दस्तावेज खंगालती रही। कार्रवाई के बाद आढ़तियों और कारोबारियों के बीच इसे लेकर चर्चा रही।

फरवरी 2026 में दर्ज हुई थी एफआईआर

गौरतलब है कि मामले की शुरुआत फरवरी 2026 में हरियाणा पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर से हुई थी। जांच में हरियाणा के विकास एवं पंचायत विभाग के आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक में जमा सरकारी खातों के बैलेंस में गड़बड़ी सामने आई थी। इसके बाद प्रवर्तन निदेशालय ने धन शोधन का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

एक दिन पहले 14 ठिकानों पर ईडी की कार्रवाई

मंगलवार को ईडी ने चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला में एक साथ 14 ठिकानों पर छापेमारी की थी। यह कार्रवाई सरकारी विभागों के पैसों में धोखाधड़ी और धन शोधन से जुड़े मामले में हुई। जांच में सरकारी खातों से निकाली गई रकम को ज्वेलर्स और उनसे जुड़ी कंपनियों के खातों में भेजे जाने की बात सामने आई है। समाचार लिखे जाने तक सीबीआई का आधिकारिक बयान नहीं आया था।

About The Author

Related Posts