खेत से लौट रहे बुजुर्ग किसान से मारपीट, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
भैंसा-बुग्गी से पशुओं के लिए चारा लेकर घर वापिस लौट रहा था पीड़ित किसान, वायरल वीडियो के आधार पर जांच में जुटी कोतवाली पुलिस
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: भैंसा-बुग्गी से पशुओं के लिए चारा लेकर घर वापिस लौट रहे एक बुजुर्ग किसान के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियों सोशल मीडिया पर वायरल है। पुलिस वीडियो के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है।
बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें एक युवक बुजुर्ग व्यक्ति को नीचे गिराकर मारपीट करता नजर आ रहा है। वायरल वीडियों 14 सेकेंड का है। वीडियों में नजर आ रहा पीड़ित व्यक्ति क्षेत्र के गांव पावटी कलां निवासी किसान विश्वास बताया जा रहा है। विश्वास बुधवार सुबह भैंसा-बुग्गी से पशुओं के लिए खेत से चारा लेकर घर वापिस लौट रहा था। आरोप है कि इसी दौरान रास्ते में गांव के ही एक युवक ने अपने दो अज्ञात साथियों के साथ मिलकर उसे रोक लिया। युवक ने बिना किसी कारण के किसान के साथ में मारपीट शुरू कर दी।
आरोपी युवक ने बुजुर्ग किसान को नीचे गिराकर उसके साथ में जमकर मारपीट की। पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और दोनों पक्षों की भूमिका की जांच कर रही है। उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार का कहना है कि मामले से सम्बंधित कोई लिखित शिकायती-पत्र उन्हें प्राप्त नही हुआ है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज करके अग्रिम विधिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।