जगनपुर के मुख्य मार्ग पर जलभराव-कीचड़ से ग्रामीण परेशान, प्रदर्शन

300 मीटर सीसी मार्ग पर वर्षों से जलनिकासी की समस्या, कुछ लोगो पर मार्ग के दुरुस्तीकरण में बाधा डालने का आरोप

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: गांव जगनपुर के मुख्य मार्ग पर वर्षों से जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। करीब 300 मीटर सीसी मार्ग पर गंदा पानी जमा रहने से कीचड़ और गंदगी का अंबार लगा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे आवागमन प्रभावित होने के साथ संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, समस्या के समाधान के लिए कई बार शासन-प्रशासन से गुहार लगाई गई, लेकिन लंबे समय तक स्थायी समाधान नहीं हो सका। बाद में एक भाजपा नेता ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने जिला पंचायत निधि से जलनिकासी की समस्या का समाधान कराने की पहल की। इसके तहत, गांव के गंदे पानी को पश्चिम दिशा में स्थित तालाब तक पहुंचाने के लिए कार्य शुरू कराया गया।

इसी बीच पिछले दिनों हुई बारिश के बाद मुख्य मार्ग पर जलभराव और कीचड़ की स्थिति और गंभीर हो गई। मंगलवार को ग्रामीण सागर, मदन, प्रदीप, सुशील, हरिओम, अंकित, देवी सिंह, मंगल, बिजेंद्र, शेखर व शिवम सहित दर्जनों ग्रामीणों ने समस्या को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया कि मार्ग पर पानी और कीचड़ जमा होने से महिलाओं, बुजुर्गों तथा छात्र-छात्राओं को आने-जाने में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। उनका कहना है कि बारिश होने पर स्थिति और खराब हो जाती है और रास्ते से निकलना मुश्किल हो जाता है। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने गांव के ही कुछ लोगों पर चल रहे विकास कार्य में बाधा डालने और जलनिकासी की समस्या के समाधान में रुकावट पैदा करने का भी आरोप लगाया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर विकास कार्य शीघ्र पूरा कराने तथा मुख्य मार्ग पर जलभराव की समस्या का स्थाई समाधान कराने की मांग की है।

 

About The Author

Related Posts