ब्लॉक टीबी फोरम की बैठक आयोजित, 84 टीबी मरीजों को निक्षय मित्र पहल के तहत अपनाया गया - एसडीएम जसपाल गिल

ब्लॉक टीबी फोरम की बैठक आयोजित, 84 टीबी मरीजों को निक्षय मित्र पहल के तहत अपनाया गया - एसडीएम छछरौली जसपाल सिंह गिल

Published On

छछरौली (सच कहूँ/राजेंद्र कुमार)। Chhachhrauli News: सीएचसी ब्लॉक छछरौली में एसडीएम जसपाल सिंह गिल की अध्यक्षता में ब्लॉक टीबी फोरम की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में डॉ. वागीश गुटेन, अतिरिक्त चिकित्सा अधिकारी, सीएचसी छछरौली तथा जिला स्तर से डॉ. चारू  कालरा, जिला क्षय रोग अधिकारी ने भी भाग लिया।

एसडीएम जसपाल सिंह गिल के प्रयासों से प्रशासन एवं समाजसेवी लोगों द्वारा सीएचसी छछरौली के सभी 84 टीबी मरीजों को गोद लिया गया। इस मौके पर टीबी मरीजों को पोषण किट भी प्रदान की गईं। बैठक में टीबी मरीजों को उपचार के साथ-साथ पौष्टिक आहार उपलब्ध करवाने तथा टीबी उन्मूलन के लिए सामुदायिक भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता महत्वपूर्ण है।

निक्षय मित्र पहल के तहत टीबी रोगियों को पोषण सहायता देने का आह्वान

उन्होंने बताया कि निक्षय मित्र पहल के माध्यम से कोई भी व्यक्ति, सामाजिक संस्था, संगठन, औद्योगिक प्रतिष्ठान अथवा कॉरपोरेट संस्थान टीबी रोगी को गोद लेकर उसकी उपचार अवधि के दौरान पोषण संबंधी सहायता, विशेष रूप से पोषण किट, उपलब्ध करवाने में सहयोग कर सकता है। इसका उद्देश्य टीबी रोगियों को उपचार के दौरान आवश्यक पोषण सहयोग प्रदान करना तथा समाज की सामूहिक भागीदारी के माध्यम से टीबी उन्मूलन अभियान को मजबूत करना है।

एसडीएम ने कहा कि टीबी उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें सभी विभागों, सामाजिक संस्थाओं, औद्योगिक एवं कॉरपोरेट संस्थानों तथा आमजन की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

विभिन्न विभागों को टीबी उन्मूलन अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश

शिक्षा विभाग को विद्यालयों में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के बीच टीबी के लक्षणों, बचाव एवं उपचार के संबंध में जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने तथा टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। निक्षय मित्र पहल के अंतर्गत अधिक से अधिक व्यक्तियों, संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों को टीबी रोगियों को गोद लेने तथा उपचार अवधि के दौरान उन्हें पोषण एवं अन्य आवश्यक सहयोग प्रदान करने के लिए प्रेरित किया गया।

उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि किसी व्यक्ति में टीबी के लक्षण दिखाई दें तो वह बिना देरी किए नजदीकी सीएचसी छछरौली स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर अपनी टीबी की जांच करवाए जो फ्री किये जाते है। समय पर जांच एवं उपचार से न केवल रोगी स्वस्थ हो सकता है, बल्कि संक्रमण के प्रसार को भी रोकने में मदद मिलती है।बैठक में सभी संबंधित विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए टीबी उन्मूलन अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जिले के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जांच एवं उपचार की सुविधा पहुंचाने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर कपिल मनीष गर्ग, कल्याण सिंह, जगदीश धीमान, कैलाश चन्द शर्मा,  रामजतन, पलक अग्रवाल, कल्याण, योगेश अग्रवाल, गौरव, डा. नैन्सी अग्रवाल, डा. विजय मित्तल, डा. रितेश, जसपाल एसटीएस तथा सरकारी स्वास्थ्य केन्द्र छछरौली का स्टाफ उपस्थित रहा।

About The Author

Related Posts