नहर में डूबे बच्चों के शव बरामद 

गणपति विसर्जन के दौरान नहर में बह गए थे सगे भाई-बहन

Published On

बठिंडा/संगत मंडी (सच कहूँ/सुखजीत मान/मनजीत नरुआणा)। Bathinda News: गणपति विसर्जन के दौरान 22 सितंबर को नहर में डूबे सगे भाई-बहन प्रिंस (11) और अंजना (9) के शव मिल गए हैं। कई दिनों तक शव नहीं मिलने से दुखी बच्चों के माता-पिता ने धरना भी लगाया था। जानकारी के अनुसार गणपति विसर्जन के दौरान अंजना का पैर फिसलने के कारण वह नहर में गिर गई थी। अपनी बहन को बचाने के लिए उसके भाई प्रिंस ने भी नहर में छलांग लगा दी थी। इसी दौरान दोनों भाई-बहन पानी के तेज बहाव में बह गए। पिछले दिनों से समाजसेवी संस्थाओं, एनडीआरएफ टीम, पुलिस और गोताखोरों द्वारा नहर में बच्चों की तलाश की जा रही थी, लेकिन कहीं से कोई सफलता नहीं मिली थी। शव नहीं मिलने के विरोध में परिवार की ओर से धरना भी लगाया गया था। धरने के बाद प्रशासन और समाजसेवी टीमों ने बच्चों की तलाश में तेजी लाई थी।

बीते कल श्री मुक्तसर साहिब के गाँव लंबी के पास नहर से बच्ची अंजना का शव मिल गया था और आज सुबह गांव डूमवाली के पास नहर से उसके भाई प्रिंस का शव भी मिल गया। आज सुबह सहारा मुख्यालय को सूचना मिलने के बाद सहारा टीम तुरंत दो एंबुलेंसों के साथ गांव डूमवाली पहुंची। इस मौके पर पथराला पुलिस चौकी के प्रभारी धर्म सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद थे। पथराला पुलिस चौकी के कर्मचारियों की मौजूदगी में सहारा टीम ने शव को नहर से बाहर निकाला। पुलिस कार्रवाई के बाद सहारा जनसेवा टीम ने दोनों भाई-बहन के शव उनके परिवारों को सौंप दिए। मृतक बच्चे टीबा जोगी नगर, बठिंडा के रहने वाले थे। दोनों बच्चों की मौत से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

About The Author

Related Posts