शिक्षा और रोजगार
ओढ़ां थाना प्रभारी से हाथापाई, वर्दी फाड़ी, चार के खिलाफ केस दर्ज
नोटिस देने ख्योवाली पहुंचे थे थाना प्रभारी, दंपती गिरफ्तार
ओढ़ां (सच कहूँ/राजू)। Odhan News: गांव ख्योवाली में सीएम विंडो की शिकायत पर नोटिस देने पहुंचे ओढ़ां थाना प्रभारी विजय सिंह और पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई का मामला सामने आया है। पुलिस ने थाना प्रभारी की शिकायत पर अजीत सिंह, उसकी पत्नी सुमन, मां कृष्णा देवी और एक अन्य युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने अजीत और सुमन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामला मदनलाल और करतार सिंह के बीच पुराने विवाद से जुड़ा है। पिछले वर्ष करतार सिंह के खेत में आग लगने से मदनलाल की बणछटियां और तूड़ी जल गई थी।
दोनों पक्षों में समझौते के बाद करतार सिंह ने एक ट्रॉली तूड़ी दी थी। बाद में इसी मामले को लेकर विवाद हो गया। मदनलाल की पत्नी सरस्वती ने 9 सितंबर को सीएम विंडो पर शिकायत दी थी। शिकायत के संबंध में करतार सिंह को थाने बुलाया गया, लेकिन वह नहीं पहुंचा। इसके बाद थाना प्रभारी पुलिसकर्मियों के साथ उसे नोटिस देने उसकी ढाणी पहुंचे। थाना प्रभारी के अनुसार मौके पर करतार सिंह का भाई अजीत मिला, जिसने पुलिसकर्मियों से बहस और गाली-गलौज की। आरोप है कि सुमन ने थाना प्रभारी का गिरेबान पकड़ लिया और हाथापाई के दौरान वर्दी फट गई। पुलिसकर्मियों को धक्का देने का भी आरोप है। थाना प्रभारी और एएसआई रमेश को मामूली चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
ग्रामीणों ने पुलिस पर धक्केशाही का आरोप लगाया
मंगलवार को करतार सिंह पक्ष के ग्रामीण ओढ़ां थाने पहुंचे और कार्रवाई का विरोध किया। उनका आरोप था कि सुमन घटना की वीडियो बना रही थी, तभी पुलिस ने मोबाइल लेने का प्रयास किया और हाथापाई हुई। ग्रामीणों ने सीसीटीवी की डीवीआर ले जाने तथा अजीत-सुमन को अलसुबह गिरफ्तार करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने केस रद्द करने और थाना प्रभारी के तबादले की मांग करते हुए एसपी डबवाली जसलीन कौर और डीएसपी कालांवाली ललित कुमार से मुलाकात की। डीएसपी ने निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस के अनुसार चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और अजीत व सुमन को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। मामले में दोनों पक्षों के आरोपों की जांच जारी है।