Dabheri Khurd: दभेड़ी खुर्द में अधिकतर हैंडपंप खराब, पेयजल को तरस रहे ग्रामीण

दभेड़ी खुर्द में अधिकतर हैंडपंप खराब, पेयजल को तरस रहे ग्रामीण

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: गांव दभेड़ी खुर्द में खराब पड़े हैंडपंपों के कारण ग्रामीणों को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर पूर्व प्रधानपति चौधरी मंशाद अली चौहान ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में चौधरी मुंशाद अली चौहान ने बताया कि ग्राम पंचायत दभेड़ी खुर्द में जल निगम की ओर से गलियों, चौराहों, मस्जिदों, मंदिरों, मदरसों, स्कूलों और कब्रिस्तानों सहित विभिन्न स्थानों पर हैंडपंप लगाए गए हैं। इनमें से अधिकांश हैंडपंप लंबे समय से खराब पड़े हैं। इसके चलते ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि हैंडपंपों की मरम्मत कराने के लिए ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनके मीटिंग रूम में लगा हैंडपंप भी कई वर्षों से खराब पड़ा है। इसके बावजूद उसकी मरम्मत नहीं कराई गई। हैंडपंपों की मरम्मत के नाम पर कई बार धनराशि निकाले जाने की जानकारी सामने आती है, लेकिन धरातल पर अधिकांश हैंडपंप चालू हालत में नहीं हैं। शिकायत में मुख्यमंत्री से मामले की जांच कराकर खराब हैंडपंपों की शीघ्र मरम्मत कराने तथा ग्रामीणों को पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।

गांव की 23 सोलर लाइटें खराब, मरम्मत की मांग

मुंशाद अली चौहान ने जनसुनवाई पोर्टल पर एक और शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि नेडा विभाग की ओर से ग्राम पंचायत दभेड़ी खुर्द में मस्जिद, मंदिर, मदरसा, स्कूल, गलियों और प्रमुख चौराहों सहित विभिन्न स्थानों पर 23 सोलर लाइटें लगाई गई थी। वर्तमान में ये लाइटें चालू स्थिति में नहीं हैं, जिसके कारण रात के समय कई स्थानों पर अंधेरा रहता है। प्रकाश व्यवस्था बाधित होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

साथ ही, अंधेरे के कारण चोरी जैसी घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। इस संबंध में 26 सितंबर 2026 को जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई, जिसकी स्थिति फिलहाल लंबित है। वहीं, एडीओ पंचायत राहुल पंवार का कहना है कि गांव दभेड़ी खुर्द में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों एवं हैंडपंपों को जल्द दुरुस्त कराया जाएगा।

 

About The Author

Related Posts