'Best Performing Institute' Award: ह्यूमैनिटी ओलंपियाड में प्रताप स्कूल को मिला ‘बेस्ट परफॉर्मिंग इंस्टीट्यूट’ अवार्ड
ह्यूमैनिटी ओलंपियाड में प्रताप स्कूल को मिला ‘बेस्ट परफॉर्मिंग इंस्टीट्यूट’ अवार्ड
खरखौदा (सच कहूँ न्यूज़)। Kharkhoda News: सतयुग दर्शन ट्रस्ट, फरीदाबाद द्वारा आयोजित ‘ह्यूमैनिटी ओलंपियाड में प्रताप स्कूल, के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूर्वी यादव एवं जय राणा ने विद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए प्रताप स्कूल को ‘बेस्ट परफॉर्मिंग इंस्टीट्यूट’ अवार्ड से भी सम्मानित किया गया।
विद्यालय पहुंचने पर दोनों विजेता विद्यार्थियों का स्कूल प्रबंधन एवं स्टाफ द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या दया दहिया, शिक्षिका विनोद बाल्याण एवं रेणु विरमानी ने दोनों विद्यार्थियों को प्रशंसा पत्र प्रदान किए तथा मेडल पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
ह्यूमैनिटी ओलंपियाड का उद्देश्य विद्यार्थियों में मानवीय मूल्यों, नैतिकता, सदाचार, अनुशासन, सहानुभूति, जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच जैसे गुणों को विकसित करना है। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा एवं ज्ञान का प्रदर्शन करते हुए यह साबित किया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक उपलब्धियां हासिल करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को संस्कारवान एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है।
इस अवसर पर प्राचार्या दया दहिया ने कहा कि “विद्यार्थी जीवन में सफलता का वास्तविक अर्थ केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं है, बल्कि अच्छे संस्कार, मानवीय मूल्य और चरित्र निर्माण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। आज के समय में विद्यार्थियों के अंदर संवेदनशीलता, ईमानदारी, अनुशासन, सहयोग और दूसरों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना आवश्यक है। ह्यूमैनिटी ओलंपियाड जैसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ जीवन मूल्यों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।”