गेट पास नहीं मिलने पर भड़का किसान, जेब से माचिस निकाल बोला- यहीं आग लगाऊंगा

गेट पास रूम पर जड़ा ताला, अधिकारियों के आश्वासन के बाद खोला 

Published On

कुरुक्षेत्र (सच कहूँ ब्यूरो)। Kurukshetra News: थानेसर अनाज मंडी में गेट पास नहीं कटने से किसान भड़क गया। किसान ने गेट पास काटने वाले कमरे पर ताला जड़ दिया और सरकार व प्रशासन को खूब खरी-खोटी सुनाई। अपनी जेब से माचिस निकालकर किसान ने गेट पास नहीं कटने पर आत्मदाह की धमकी दी। जानकारी के अनुसार थानेसर के गांव बारवा निवासी किसान गुरचरण सिंह करीब 6 एकड़ की धान लेकर थानेसर अनाज मंडी पहुंचा, लेकिन गेट पास नहीं कटने से वह भड़क गया। किसान ने गेट पास बनाने वाले कमरे पर ताला जड़ दिया और करीब एक घंटे तक कमरा बंद रखा। सूचना मिलने पर मार्केट कमेटी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आश्वासन देकर ताला खुलवाया। गुरचरण सिंह ने बताया कि उसने अपनी फसल बेचने के लिए सरकार के नियम के मुताबिक पंजीकरण कराया है।

वह फसल लेकर मंडी पहुंच गया तो गेट पर वेरिफिकेशन नहीं हो रहा। वह सुबह सुबह धान लेकर मंडी पहुंच गया था, लेकिन गेस पास काट रहे कर्मियों ने उसे बोला कि पोर्टल पर उसकी रजिस्ट्रेशन शो नहीं हो रही। उसने सवाल उठाया कि वेरिफिकेशन किसकी जिम्मेदारी है। अगर वेरिफिकेशन और गेट पास के लिए इंतजार करना पड़ा तो वह अपनी फसल लेकर कहां जाएगा। अब उनको पटवारी के पास भेजकर वेरिफिकेशन की बात कही जा रही। किसान गुरचरण ने कहा कि वह पहले भी मंडी में फसल लेकर आए थे और तब पोर्टल ने चलने का हवाला देकर मंडी प्रशासन ने बिना गेट पास के जीरी मंडी में डलवा दी थी आज जब वह अपनी धान की एक ट्राली और लेकर मंडी में पहुंचे तो उसे पूरी फसल का गेट पास देने से प्रशासन ने मना कर दिया।

रजिस्ट्रेशन हो गया है तो दिए जा रहे गेटपास: सुपरवाईजर

मंडी सुपरवाइजर सुभाष राणा ने कहा कि जितनी फसल किसान मंडी में लेकर आ रहा है और अगर उसका रजिस्ट्रेशन हो चुका है तो उसे गेट पास दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक किसान ने उनके गेट पास रूम का ताला लगा दिया और रजिस्टर अपने कब्जे में ले लिया। इस किसान के खिलाफ वे पुलिस में शिकायत देंगें।

अधिकारियों ने समझाकर शांत करवाया

गेट पास नहीं कटने से नाराज किसान ने मौके पर जेब से माचिस निकाल ली और कमरे की चाबी फेंकते हुए बोला कि मैं यहीं मरुंगा, अगर उसका गेट पास नहीं काटा गया, यहीं आग लगाऊंगा। सूचना पाकर शहीद भगत सिंह किसान यूनियन के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए और किसान गुरचरण को समझा-बुझाकर शांत किया और अधिकारियों से बातचीत की। गेट पास कटने का आश्वासन मिलने के बाद गुरचरण सिंह ने गेट पास वाले कमरे का ताला खोल दिया।

सिर्फ दो क्विंटल फसल का गेट पास दिया

किसान अशोक कुमार का कहना है कि उसे उसकी पूरी फसल का गेट पास नहीं मिल रहा। किसान ने कहा कि वह दो एकड़ फसल मंडी में लेकर आया है जबकि उसे दो क्विंटल का गेट पास ही दिया जा रहा है। दो क्विंटल में दो एकड़ की धान की फसल को कैसे बेचेंगें। ऐसे में अब किस कहां जाए उन्हें समझ नहीं आ रहा।

About The Author

Related Posts