शिक्षा और रोजगार
Fire: एल्युमिनियम सिल्ली बनाने वाली फैक्ट्री में आग, बामुश्किल पाया काबू
एल्युमिनियम सिल्ली बनाने वाली फैक्ट्री में आग, बामुश्किल पाया काबू
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: शनिवार को कैराना ब्लॉक के औद्योगिक क्षेत्र कण्डेला में स्थित एएस इंटरप्राइजेज नामक फैक्ट्री में रखे एल्युमिनियम फॉयल में अचानक आग लग गई, जिससे फैक्ट्री संचालक व मौके पर मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने फैक्ट्री में मौजूद संसाधनों पानी आदि से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नही हो सके। इसके पश्चात, मामले की सूचना डायल-112 पर दी गई, जिस पर क्षेत्र में कार्यरत पुलिस रिस्पांस व्हीकल(पीआरवी)-6030 पर तैनात पुलिसकर्मी व औद्योगिक क्षेत्र पुलिस चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल संदीप चौधरी व कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे।
उन्होंने आग की स्थिति को देखते हुए कंट्रोल रूम पर सूचना देकर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर भेजने को कहा। इस पर एक के बाद एक अग्निशमन की तीन गाड़िया मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि काफी देर की कड़ी मशक्कत के पश्चात आग पर काबू पाया गया। पुलिसकर्मियों के अनुसार, फैक्ट्री आदर्शमण्डी थानाक्षेत्र के अंतर्गत आती है। वहीं, फैक्ट्री संचालक सलमान अंसारी ने आग से हजारों रुपये के नुकसान की बात कही है। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री में एल्युमिनियम की सिल्ली बनाए जाने का कार्य किया जाता है। शॉर्ट-सर्किट से सिल्ली बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले एल्युमिनियम फॉयल में आग लग गई थी, जिसे फायर ब्रिगेड की सहायता से बुझाया गया।