शिक्षा और रोजगार
यमुना में डूबे दो चचेरे भाई, एक को बचाया, दूसरा लापता
डूबे छात्र की तलाश में जुटे है आधा दर्जन से अधिक गोताखोर, सिलेंडर में ऑक्सीजन खत्म होने पर बीच में रोकना पड़ा सर्च अभियान
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: भाद्रपद शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा के पर हरियाणा के पानीपत से परिवार के साथ स्नान के लिए आए दो चचेरे भाई यमुना के गहरे पानी में डूब गए, जिनमें से एक को बचा लिया गया, जबकि दूसरे की तलाश में आधा दर्जन से अधिक गोताखोर जुटे हुए है। यमुना में लापता हुआ युवक 11वीं कक्षा का छात्र बताया जा रहा है। छात्र का परिवार मूलरूप से उत्तर-प्रदेश के बरेली का रहने वाला बताया गया है।
शनिवार को प्रातः करीब साढ़े नौ बजे हरियाणा के पानीपत से विमल(18) व उसका चचेरा भाई विवेक(09) परिवार के अन्य सदस्यों के साथ में यमुना स्नान के लिए आए थे। दोनों भाई परिवार के सदस्यों के साथ में हरियाणा की ओर यमुना में स्नान करने लगे। इसी दौरान विवेक पानी में डूबने लगा। विमल उसे पानी में डूबता देख बचाने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन खुद भी गहरे पानी में समा गया। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों को पानी में डूबता देख किनारे खड़े एक तैराक युवक ने यमुना में छलांग लगा दी। युवक ने जैसे-तैसे करके विवेक को बचा लिया, जबकि विमल यमुना के गहरे पानी में समा गया।
मामले की सूचना पर यमुना ब्रिज पर तैनात पुलिसकर्मी आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और डूबे युवक की तलाश शुरू कराई। पुलिसकर्मियों ने युवक के यमुना में डूबने की घटना से उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया, जिस पर एसडीएम कैराना शिवाजी यादव, सीओ हेमंत कुमार व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार यमुना ब्रिज पर पहुंचे। अफसरों ने युवक की तलाश के लिए आस-पास से प्राइवेट गोताखोरों को बुलवाकर सर्च अभियान शुरू कराया। करीब आधा दर्जन गोताखोरों ने युवक की तलाश की, लेकिन काफी समय बाद तक भी कोई सफलता हाथ नही लगी।
गोताखोर ऑक्सीजन के सिलेंडर की सहायता से पानी की गहराई तक पहुंचकर डूबे युवक की तलाश कर रहे थे। इसी बीच सिलेंडर में ऑक्सीजन खत्म हो गई, जिसके बाद अभियान को बीच में रोकना पड़ा। हालांकि उसी वक्त ऑक्सीजन वाले सिलेंडर के लिए गोताखोर पानीपत के लिए रवाना हो गए थे। यमुना में डूबा विमल 11वीं कक्षा का छात्र बताया गया है। उसका परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली के ग्राम मंसापुरा का रहने वाला है। वर्तमान में परिवार पानीपत के तहसील कैंप में रह रहा है। बताया जा रहा है कि छात्र के पिता नरदेव पानीपत में रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
पिता नरदेव, माता सरवेस, बहन अंशु और भाई अरुण यमुना किनारे विमल की सकुशल बरामदगी की आस लगाए बैठे हुए है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, एसडीएम कैराना शिवाजी यादव ने बताया कि यमुना नदी में डूबे युवक की तलाश कराई जा रही है। युवक के यमुना में डूबने की घटना काफी दुखद है। इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने लोगो से यमुना स्नान के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा गहरे पानी में जाने से बचने की अपील की है।