Bhiwani Cyber Crime: साइबर फ्रॉड के जाल में फंस ज्वेलरी व्यापारी ने गंवाए 4.56 लाख रुपए

क्रेडिट कार्ड का सर्विस चार्ज हटाने के नाम पर ठगी, नूंह से आरोपी गिरफ्तार

Published On

Bhiwani Cyber Crime: भिवानी,(सच कहूँ) भिवानी शहर में साइबर अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, लेकिन पुलिस की तत्परता से ठगों के नेटवर्क पर शिकंजा कसा जा रहा है। भिवानी के शांति नगर निवासी और शहर में ज्वेलर्स का व्यवसाय करने वाले नरेश को साइबर ठगों ने अपना शिकार बनाकर 4,56,626 रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी को अंजाम दिया। इस मामले में कार्रवाई करते हुए थाना साइबर क्राइम पुलिस भिवानी ने नूंह जिले के एक आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

पीड़ित नरेश ने लगभग एक माह पहले नया क्रेडिट कार्ड बनवाया था। क्रेडिट कार्ड बनने के कुछ ही समय बाद उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक का अधिकारी बताया और व्हाट्सएप वीडियो कॉल के जरिए संपर्क किया। ठग ने पीड़ित को झांसा दिया कि उनके क्रेडिट कार्ड पर 28,000 रुपये का सर्विस चार्ज लग गया है, जिसे वह हटा देगा। इसके बाद आरोपी ने पीड़ित से उनके मोबाइल पर एक विशेष नंबर डायल करवाया। नंबर डायल करते ही पीड़ित का मोबाइल हैक हो गया और उनके क्रेडिट कार्ड से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 4,56,626 रुपये कट गए। 

पुलिस की जांच शुरू

ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने तुरंत थाना साइबर क्राइम भिवानी में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक भिवानी मयंक मिश्रा के निदेशों के पालन में थाना साइबर क्राइम भिवानी की टीम ने एएसआई विजय कुमार के नेतृत्व में टीम ने एक आरोपी को भिवानी क्षेत्र से ही धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान हसीन निवासी महरौला, जिला नूंह के रूप में हुई है।

प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपी हसीन ने ने बड़ा बड़ा खुलासा किया। उसने बताया कि इस मामले में पहले गिरफ्तार किए जा चुके मुख्य आरोपी अफजल को वह धोखाधड़ी की की रकम प्राप्त करने के लिए फर्जी किराए के बैंक खाते उपलब्ध करवाता था। इस काम के बदले हसीन को हर महीने 15 हजार रुपये का कमीशन मिलता था। पुलिस टीम ने गिरफ्तार आरोपी हसीन को न्यायालय में पेश किया, जहां से अदालत ने आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस गिरोह के अन्य सदस्यों को भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

About The Author

Related Posts