Asian Games 2026 Cricket: एशियन गेम्स क्रिकेट में क्वार्टर फाइनल की टीमें तय, देखें किसके साथ होगा भारत का मुक़ाबला
जानें चारो क्वार्टर फाइनल का पूरा शेड्यूल, भारत का अफगानिस्तान से होगा मुकाबला
Asian Games 2026 Cricket: नई दिल्ली (सच कहूँ/एजेंसी)। एशियन गेम्स 2026 में पुरुष क्रिकेट के लीग चरण के मुकाबले पूरे हो चुके हैं। ग्रुप बी में मलेशिया और ओमान के बीच खेला जाने वाला मुकाबला बारिश के कारण पूरा नहीं हो सका। इसके साथ ही टूर्नामेंट का लीग राउंड समाप्त हो गया है और अब टीमों की नजरें क्वार्टर फाइनल मुकाबलों पर हैं।
पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता के लीग चरण में छह टीमों को दो ग्रुप में रखा गया था। ग्रुप ए में नेपाल, अफगानिस्तान और जापान शामिल रहे, जबकि ग्रुप बी में मलेशिया, हांगकांग और ओमान को जगह मिली। लीग चरण के प्रदर्शन के आधार पर ग्रुप ए से नेपाल और अफगानिस्तान ने अगले दौर में प्रवेश किया। वहीं ग्रुप बी से मलेशिया और हांगकांग क्वार्टर फाइनल में पहुंचे। इसके अलावा भारत, श्रीलंका, पाकिस्तान और बांग्लादेश को क्वार्टर फाइनल चरण में पहले से स्थान मिला हुआ है।
क्वार्टर फाइनल चरण का सबसे ज्यादा इंतजार भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों को है। भारत और अफगानिस्तान के बीच दूसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला 28 सितंबर को सुबह 10:30 बजे शुरू होगा। इससे पहले उसी दिन पहला क्वार्टर फाइनल पाकिस्तान और हांगकांग, चाइना के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला सुबह 5:30 बजे शुरू होगा।
क्वार्टर फाइनल के अन्य मुकाबले
तीसरे क्वार्टर फाइनल में श्रीलंका और नेपाल आमने-सामने होंगे। यह मैच 29 सितंबर को सुबह 5:30 बजे शुरू होगा।
चौथे क्वार्टर फाइनल में बांग्लादेश और मलेशिया के बीच मुकाबला होगा। यह मैच भी 29 सितंबर को सुबह 10:30 बजे खेला जाएगा।
कब होंगे सेमीफाइनल और फाइनल?
क्वार्टर फाइनल के बाद टूर्नामेंट का सेमीफाइनल चरण 1 अक्टूबर को होगा। पहला सेमीफाइनल सुबह 5:30 बजे, जबकि दूसरा सेमीफाइनल 10:30 बजे शुरू होगा। इसके बाद 3 अक्टूबर को तीसरे स्थान के लिए मुकाबला सुबह 5:30 बजे खेला जाएगा। इसी दिन टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला सुबह 10:30 बजे शुरू होगा।
क्वार्टर फाइनल के नतीजों के बाद ही सेमीफाइनल की दोनों भिड़ंत तय होंगी। इसी तरह फाइनल और कांस्य पदक के मुकाबले में पहुंचने वाली टीमों की तस्वीर भी अगले दौर के बाद साफ होगी। पुरुष क्रिकेट के सभी मुकाबले निशिन, कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले जाएंगे। ऊपर दिए गए सभी समय भारतीय समयानुसार (IST) हैं।