थाना समाधान दिवस में पहुंचे जिलाधिकारी फरियादियों की सुनी समस्याएं

मौके पर जाकर करे समस्याओ का निस्तारण-दिव्यांशु पटेल 

Published On

बागपत (सच कहूँ/सन्दीप दहिया)। Baghpat News: जनपद में नए जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार संभालने के बाद आईएएस दिव्यांशु पटेल ने बागपत कोतवाली में आयोजित थाना समाधान दिवस में पहुंचकर सीधे फरियादियों की समस्याएं सुनीं। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के साथ जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ताओं से उनकी समस्या की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों से प्रकरण की स्थिति पूछी। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनशिकायतों के निस्तारण से फरियादी को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।

समाधान दिवस में पुलिस के साथ राजस्व विभाग से जुड़े मामलों की भी सुनवाई हुई। भूमि विवाद, कब्जे, रास्ते, सीमांकन, आपसी विवाद और पुलिस कार्रवाई से संबंधित शिकायतें अधिकारियों के सामने रखी गईं। जिलाधिकारी ने ऐसे मामलों में अभिलेखों की जांच के साथ मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का सत्यापन करने पर जोर दिया, ताकि लंबे समय से चल रहे विवादों का समाधान हो और छोटी शिकायतें आगे चलकर बड़े विवाद का रूप न लें। जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए कि जिन मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग दोनों की भूमिका है, उनमें अधिकारी आपसी समन्वय से संयुक्त रूप से कार्रवाई करें। शिकायत की पूरी जानकारी लेकर नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करें। विशेष रूप से भूमि एवं अन्य विवादों में दोनों पक्षों के तथ्यों, उपलब्ध अभिलेखों और मौके की स्थिति का परीक्षण कर निष्पक्ष कार्रवाई करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली में विभिन्न अभिलेखों एवं रजिस्टरों का भी अवलोकन किया। उन्होंने शिकायत एवं जनसुनवाई से संबंधित रजिस्टर, अपराध रजिस्टर, महिला संबंधी शिकायतों के अभिलेख, लंबित विवेचनाओं तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों की स्थिति देखी और उनमें प्रविष्टियों को अपडेट रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने थाने की कार्यप्रणाली, लंबित मामलों की स्थिति और शिकायतों पर की गई कार्रवाई की जानकारी भी ली। अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव के साथ लंबित प्रकरणों में नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार थाने या अधिकारियों के कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। शिकायत की प्रकृति के अनुसार कार्रवाई तय कर उसकी प्रगति पर नजर रखी जाए। जिन मामलों में तत्काल समाधान संभव नहीं है, उनमें जांच की प्रक्रिया और आगे की कार्रवाई स्पष्ट रूप से तय की जाए तथा शिकायतकर्ता को कार्रवाई से अवगत कराया जाए। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि थाना स्तर पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता से सुनी जाए और शिकायत के तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाए। इस अवसर पर एसडीएम बागपत दिग्विजय सिंह, सीओ सुकन्या शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।

About The Author

Related Posts