युवती से छेड़छाड़ व मारपीट का आरोपी बाल अपचारी हिरासत में
युवती से छेड़छाड़ व मारपीट का आरोपी बाल अपचारी हिरासत में
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: गांव रामड़ा में घर में घुसकर युवती से छेड़छाड़ व मारपीट करने तथा दांत तोड़ने के आरोपी बाल अपचारी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। विगत 03 सितंबर को ग्राम रामड़ा में कुछ लोगो ने एक राय होकर ग्रामीण के घर में घुसकर युवती के साथ छेड़छाड़ करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट कर उसके दांत तोड़ दिए थे। आरोपियों ने ग्रामीण व उसकी माता के साथ भी मारपीट की थी। घटना के सम्बन्ध में कैराना कोतवाली पर मुकदमा दर्ज कराया गया था।
पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को निर्देशित किया था। इसी क्रम में सोमवार को एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार महिलाओं के विरूद्ध अपराध की रोकथाम एवं महिला अपराधों में लिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने घटना में वांछित बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने अभिरक्षा में लिए गए बाल अपचारी को बाल सुधार गृह मेरठ भेज दिया है।