सेंट जेवियर्स वर्ल्ड स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन, एआई असिस्टेंट से लेकर स्मार्ट इरिगेशन तक विद्यार्थियों ने दिखाए अनोखे प्रोजेक्ट

सेंट जेवियर्स वर्ल्ड स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन, एआई असिस्टेंट से लेकर स्मार्ट इरिगेशन तक विद्यार्थियों ने दिखाए अनोखे प्रोजेक्ट

Published On

मीरापुर (सच कहूँ/कोमल प्रजापति)। Mirapur News: सेंट जेवियर्स वर्ल्ड स्कूल  में सोमवार को विज्ञान प्रदर्शनी ‘इनोवेशिया-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और तकनीकी कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए एक से बढ़कर एक नवाचारी मॉडल प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट देखकर अतिथियों और अभिभावकों ने जमकर सराहना की।

कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम जानसठ रश्मि लाम्बा ने रिबन काटकर किया, जबकि सीओ जानसठ ऋषिका सिंह ने दीप प्रज्वलित कर विधिवत उद्घाटन किया। नायब तहसीलदार जानसठ अजय कुमार की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

प्रदर्शनी में एआई असिस्टेंट, कॉमर्स वेबसाइट, वाटर टू स्टीम, मैग्नेटिक इलेक्ट्रिसिटी, सोलर ट्रैकर, बस अलर्टिंग सिस्टम, टेलीस्कोप, विंडमिल, स्मार्ट इरिगेशन और ऑटो लाइट सेंसर जैसे मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने अपने प्रोजेक्ट के माध्यम से विज्ञान और तकनीक के व्यावहारिक उपयोग को समझाया।

रिमझिम बारिश के बावजूद विद्यार्थियों और अभिभावकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। दूर-दराज से पहुंचे अभिभावकों ने बच्चों की प्रतिभा को सराहा।

कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के निर्देशक शाल्विक जैन एवं शिवानी जैन के मार्गदर्शन में हुआ। निर्णायक मंडल में श्रीराम स्कूल की अध्यापिका अंशुमन गोयल, ज्ञानस्थली के अध्यापक प्रताप पंवार, वीएन पब्लिक स्कूल के उपप्रधानाचार्य गुलशन सैफी एवं अध्यापिका फिजा शामिल रहे।

विद्यालय के प्रधानाचार्य सजी वर्गीज ने कहा कि विज्ञान आज हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभा को निखारना और उनमें वैज्ञानिक सोच विकसित करना है।

अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों, श्रीराम पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या सीमा सिंघल, अभिभावकों, निर्णायक मंडल एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

About The Author

Related Posts