Dhulkot Building Collapse: सीबीआई जांच और भवन मालिक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन

मंत्री विज के सामने फूटा परिजनों का गुस्सा, पोस्टमार्टम कराने से इनकार

Published On

अंबाला (सच कहूँ न्यूज)। Dhoolkot Building Collapse Incident: धूलकोट में रविवार को निर्माणाधीन तीन मंजिला कमर्शियल इमारत ढहने से छह मजदूरों की मौत और 12 के घायल होने के बाद सोमवार को अंबाला नागरिक अस्पताल में दिनभर तनाव की स्थिति बनी रही। मृतकों के परिजनों और प्रदर्शनकारियों ने कैबिनेट मंत्री अनिल विज के सामने भवन मालिक हरदीप सिंह जग्गी की गिरफ्तारी, अधिकारियों पर कार्रवाई और मामले की सीबीआई जांच की मांग उठाई। परिजनों ने आरोप लगाया कि हादसे में मृतकों की संख्या प्रशासन द्वारा बताई गई छह से अधिक है और चार शवों को छिपाया गया है। प्रशासन ने छह मौतों की ही पुष्टि की है।

गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन

मृतकों के परिजनों ने हरदीप सिंह जग्गी की गिरफ्तारी होने तक शवों का पोस्टमार्टम कराने और उन्हें लेने से इनकार कर दिया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने जो एफआईआर दर्ज की है, उसमें भवन मालिक की भूमिका को सही तरीके से शामिल नहीं किया गया। उन्होंने मांग की कि एफआईआर में प्रॉपर्टी डीलर जग्गी का नाम भी दर्ज किया जाए और उसकी गिरफ्तारी की जाए। परिजनों और प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में नियमों की अनदेखी हुई और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत से अवैध निर्माण कराया जा रहा था। उन्होंने एसएचओ और नगर निगम अधिकारियों पर रिश्वत लेने के आरोप लगाते हुए निलंबन की मांग की। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

एसपी अजीत सिंह शेखावत ने कहा कि अवैध निर्माण और भवन मालिक की भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस ने बलदेव नगर थाने में बलिंदर की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 105, 110, 289 और 290 के तहत मामला दर्ज किया है। मामला भवन मालिक के खिलाफ दर्ज है, जबकि ठेकेदार का पता नहीं चल पाया है। हादसे में जान गंवाने वालों में 50 वर्षीय राजमिस्त्री राजेंद्र निवासी जलबेड़ा, 50 वर्षीय शास्त्री निवासी गरनाला, 50 वर्षीय कालिया निवासी बाराबंकी, 55 वर्षीय रूप सिंह निवासी डंगडेरा लालड़, 55 वर्षीय साइट सुपरवाइजर मलकौत निवासी डंगडेरा और 60 वर्षीय रामजी दास निवासी सदोपुर शामिल हैं।

कथित पेशकश पर अस्पताल में हंगामा

अस्पताल में उस समय हंगामा हो गया, जब परिजनों और वीरेश शांडिल्य के अनुसार जग्गी प्रॉपर्टीज-भवन मालिक का एक प्रतिनिधि वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने आठ लाख रुपये देकर मामला रफा-दफा करने की पेशकश की। परिजनों ने इसे शवों का सौदा करने की कोशिश बताया। हंगामे के दौरान एक महिला के बेहोश होने की भी बात सामने आई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने संबंधित व्यक्ति को भीड़ से बचाकर हिरासत में ले लिया। भवन मालिक या उसके प्रतिनिधि की ओर से इस आरोप पर कोई पक्ष उपलब्ध नहीं है।

दोषियों और लापरवाह अधिकारियों पर होगी कार्रवाई: विज

सुबह घायलों का हाल जानने नागरिक अस्पताल पहुंचे कैबिनेट मंत्री अनिल विज के सामने भी परिजनों और प्रदर्शनकारियों ने जमकर नाराजगी जताई। उन्होंने अवैध निर्माण और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। विज ने कहा कि दोषियों और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने श्रम कानूनों के तहत पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिलाने की बात कही। विज ने बताया कि वह इस मामले को लेकर सरकार को तीन बार पत्र लिख चुके हैं। उन्होंने फोन पर डीजीपी से बात कर मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित करने और जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए।

Dhulkot Building Collapse (2)

 

About The Author

Related Posts