ग्रीवेंस कमेटी में मंत्री कृष्ण बेदी का एक्शन, लाइनमैन को चार्जशीट और ठेकेदार पर FIR के आदेश
किसानों से वसूली और अभद्र व्यवहार की शिकायत पर लाइनमैन को हटाने के निर्देश
फतेहाबाद (सच कहूँ/विनोद शर्मा)। Fatehabad News: जिला स्तरीय कष्ट निवारण समिति की बैठक में सोमवार को कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने अधिकारियों की लापरवाही और भ्रष्टाचार की शिकायतों पर कड़ा रुख अपनाया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री ने किसानों से कथित वसूली और आमजन से दुर्व्यवहार के मामले में बिजली निगम के लाइनमैन को चार्जशीट करने और हटाने के आदेश दिए। वहीं, घटिया पाइपलाइन निर्माण की शिकायत पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। नहरी खाल के विवाद में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सिंचाई विभाग के एसडीओ को शाम पांच बजे तक कोर्ट का स्टे प्रस्तुत नहीं करने की स्थिति में तत्काल सस्पेंड करने के आदेश भी दिए गए। बैठक में कुल 12 परिवाद रखे गए, जिनमें अधिकतर का मौके पर ही समाधान किया गया।
गांव नाढ़ोडी निवासी श्रवण ने शिकायत दी कि दबंग लोग उनके नहरी खाल को बार-बार तोड़ रहे हैं। इससे फसलें सूख रही हैं और पीने के पानी की समस्या भी हो रही है। मामले में सिंचाई विभाग के एक्सईएन ने बताया कि टोहाना के एसडीओ शमशेर सिंह ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर मौके पर गए थे, लेकिन दूसरे पक्ष ने कोर्ट का स्टे दिखा दिया। शिकायतकर्ता ने स्टे को फर्जी कागजात बताते हुए आपत्ति जताई। एसडीओ के बैठक में मौजूद नहीं होने पर मंत्री ने कड़ा संज्ञान लिया। उन्होंने डीसी को निर्देश दिए कि यदि एसडीओ शमशेर सिंह शाम पांच बजे तक कोर्ट का स्टे प्रस्तुत नहीं कर पाते हैं तो उन्हें तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया जाए।
बताओ कितना बड़ा पूंजड़ है तुम्हारा?
गांव मढ़ के किसानों ने बिजली निगम के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए। किसानों का कहना था कि फीडर बदलने के नाम पर प्रति किसान 50 हजार रुपये और लाइन बदलने के नाम पर 15 हजार रुपये की मांग की जा रही है। किसानों ने अधिकारियों पर धमकी देने और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया। शिकायत के दौरान अधिकारी की ओर से कथित तौर पर 'हमारा पूंजड़ भी नहीं पाड़ सकते' कहे जाने का जिक्र हुआ तो मंत्री कृष्ण बेदी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, 'बताओ कितना बड़ा पूंजड़ है तुम्हारा?' मंत्री ने ऐसी अमर्यादित भाषा दोबारा सामने आने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। इसके बाद मंत्री ने आरोपित लाइनमैन कश्मीर सिंह को तत्काल चार्जशीट करने और संबंधित लाइन से हटाने के आदेश दिए।
ठेकेदार पर एफआईआर के निर्देश
गांव बड़ोपल निवासी सुंदर सिंह की शिकायत पर चिंदड़ से बड़ोपल तक बिछाई गई पाइपलाइन में लीकेज और घटिया निर्माण का मामला सामने आया। विभाग की ओर से बताया गया कि पाइपलाइन का काम अभी पूरा नहीं हुआ है। इस पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि केवल विभागीय कार्रवाई पर्याप्त नहीं है और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई जाए। अधिकारियों ने इस कार्य के लिए दोबारा टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के लिए तीन महीने का समय मांगा।