अमलोह के बाजार में कपड़े-ज्वेलरी की दुकान में लगी भीषण आग, लपटों में जले रोजी-रोटी के सपने

अमलोह के बाजार में कपड़ों की दुकान में लगी भीषण आग

Published On

अमलोह (सच कहूँ/अनिल लुटावा)। Amloh Fire News: कुदरत या किस्मत की मार कब किसी के हंसते-बसते आशियाने को उजाड़ दे, कुछ कहा नहीं जा सकता। अमलोह के मुख्य बाजार में बीती रात ऐसी ही दर्दनाक घटना हुई। ‘खन्ने वाले सरदारां दी हट्टी-ऐश कलेक्शन’ में वर्षों की मेहनत से खड़ा किया गया कपड़े और ज्वेलरी का कारोबार आग की भयानक लपटों की भेंट चढ़ गया। पलक झपकते ही लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया और पीड़ित परिवार के सपने तार-तार हो गए।

रात के अंधेरे में जब पूरा शहर सो रहा था, तब बाजार के चौकीदार ने दुकान से धुआं निकलता देखा और तुरंत मालिक प्रीत कंवरजीत सिंह को सूचना दी। खबर मिलते ही मालिक के पैरों तले जमीन खिसक गई। मौके पर पहुंचे परिवार के सामने उनकी आंखों की कमाई जल रही थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और मंडी गोबिंदगढ़ से पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने रात ढाई बजे तक जद्दोजहद कर आग पर काबू पाया। लेकिन तड़के साढ़े तीन बजे दुकान से दोबारा धुआं और लपटें उठने लगीं, जिसके बाद फायर अधिकारी जगजीत सिंह के नेतृत्व में टीम को दोबारा मौके पर बुलाना पड़ा।

आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने भी अपनी जान की परवाह किए बिना आग को अन्य दुकानों तक फैलने से रोकने के लिए पूरा जोर लगाया। आग की तीव्रता के कारण इमारत को भी गहरा नुकसान पहुंचा है। पीड़ित दुकानदार ने भावुक होते हुए बताया कि दुकान में पड़े लेडीज सूट, ज्वेलरी और सारा कीमती सामान पूरी तरह नष्ट हो चुका है। इस दुख की घड़ी में भी उन्होंने मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के जवानों, प्रशासन और हर मुश्किल समय में साथ खड़े रहने वाले बाजार के भाईचारेका दिल से धन्यवाद किया।

 

About The Author

Related Posts