Talaash Fest :तलाश 2026 में पहली बार होगा फेस्ट का आधिकारिक मैस्कॉट, प्रहार की टीम के साथ थीम का होगा अनावरण
Talaash Legacy 2026 का Theme Reveal कल, Rajkummar Rao-Wamiqa Gabbi समेत ये दिग्गज होंगे मौजूद
Talaash Fest in Jai Hind College: मुंबई (सच कहूँ न्यूज़)। जय हिंद कॉलेज अपने 27 वर्ष पुराने प्रतिष्ठित फेस्ट ‘तलाश’ के अगले अध्याय की तैयारी में जुट गया है। कल यानि 1 अक्टूबर को ‘तलाश लिगेसी 2026’ के थीम रिवील कार्यक्रम के दौरान इस वर्ष की थीम के साथ फेस्ट के इतिहास में पहली बार आधिकारिक मैस्कॉट भी पेश किया जाएगा। कार्यक्रम में भारतीय सिनेमा और सार्वजनिक जीवन से जुड़े चर्चित नाम राजकुमार राव, वामिका और एडवोकेट उज्ज्वल निकम भी शामिल होंगे।
फेस्ट प्रतिनिधि ने ‘सच कहूँ’ संवाददाता को बताया कि इस बार ‘तलाश’ को नई पहचान देने के लिए मैस्कॉट को फेस्ट का हिस्सा बनाया गया है। अब तक फेस्ट अपनी थीम, विभिन्न आयोजनों और विद्यार्थियों की रचनात्मक भागीदारी के लिए जाना जाता रहा है। मैस्कॉट के माध्यम से इस वर्ष की थीम और फेस्ट की रचनात्मक दिशा को एक विशिष्ट पहचान देने का प्रयास किया गया है।
कार्यक्रम में एडवोकेट उज्ज्वल निकम भी विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे। 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के मुकदमे की पैरवी करने वाले निकम के जीवन और न्याय की तलाश को केंद्र में रखते हुए फिल्म ‘प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम’ बनाई गई है। फिल्म में राजकुमार राव एडवोकेट उज्ज्वल निकम की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि वामिका गब्बी भी महत्वपूर्ण भूमिका में हैं। फिल्म उनके न्याय की तलाश और पेशेवर जीवन को प्रभावित करने वाली चुनौतियों को सामने लाती है।
27 साल पुरानी परंपरा को मिलेगा नया स्वरूप:
जय हिंद कॉलेज की स्थापना 1948 में हुई थी। कॉलेज में विद्यार्थियों को अकादमिक शिक्षा के साथ नेतृत्व और व्यावहारिक अनुभव के अवसर देने की परंपरा रही है। इसी परंपरा का प्रमुख उदाहरण ‘तलाश’ फेस्ट भी है, जिसे विद्यार्थी स्वयं विभिन्न स्तरों पर संचालित करते हैं। फेस्ट की तैयारियों में इवेंट मैनेजमेंट, मार्केटिंग, फाइनेंस, ऑपरेशंस, लीगल एवं कंप्लायंस, पब्लिक रिलेशंस, प्रोडक्शन और क्रिएटिव एक्जीक्यूशन जैसी जिम्मेदारियां विद्यार्थी संभालते हैं।
इससे उन्हें प्रबंधन से जुड़े ज्ञान को वास्तविक परिस्थितियों में लागू करने और प्रतिभागियों, पार्टनर्स व प्रोफेशनल्स के साथ काम करने का अवसर मिलता है। ‘तलाश लिगेसी 2026’ का आयोजन 12, 13 और 14 दिसंबर 2026 को जय हिंद कॉलेज, चर्चगेट में होगा। थीम और मैस्कॉट का अनावरण कल यानि 1 अक्टूबर को जय हिंद कॉलेज ऑडिटोरियम, चर्चगेट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया जाएगा, जिसमें कॉलेज समुदाय के साथ ‘तलाश’ से जुड़े प्रतिभागी और सहयोगी भी शामिल होंगे।