Arrested: महिला से आभूषण ठगने के आरोपी पति-पत्नी समेत तीन गिरफ्तार
थानाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र सिंह के नेतृत्व में आदर्शमण्डी पुलिस की शानदार कार्यवाही, ठगे गए शत-प्रतिशत आभूषण व घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद
कैराना (सच कहूँ/संदीप इन्सां)। Kairana News: आदर्शमण्डी थाना पुलिस ने थानाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र सिंह के नेतृत्व में शानदार कार्यवाही करते हुए दो माह पूर्व महिला से धोखाधड़ी करके आभूषण ठगने के आरोपी पति-पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों से पुलिस ने ठगे गए शत-प्रतिशत आभूषण व घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार दम्पति गुजरात के अहमदाबाद के रहने वाले है, जबकि तीसरी महिला आरोपी दिल्ली की निवासी है।
विगत 27 जुलाई को सुनीता गिरि निवासी मोहल्ला शांतिनगर निकट शौर्य पैलेस शामली की टंकी रोड़ स्थित दुकान पर दो अज्ञात महिलाएं आई। उन्होंने सुनीता को सोने की गिन्नियां कम दाम पर बेचने का प्रलोभन दिया। इस प्रलोभन में आकर सुनीता ने अपने सोने-चांदी के आभूषण इन महिलाओं को दे दिए और उनसे गिन्नियां प्राप्त कर ली। बाद में इन गिन्नियों को चेक किया गया तो वह नकली पाई गई। घटना के सम्बन्ध में पीड़िता की ओर से थाना आदर्श मण्डी पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कराया गया। घटना के शीघ्र अनावरण हेतु पुलिस अधीक्षक के द्वारा थानाध्यक्ष आदर्श मण्डी को निर्देशित किया गया था। इसी क्रम में बुधवार को एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार जनपद में चोरी अथवा टप्पेबाजी की घटनाओं की रोकथाम तथा इस तरह के अपराधों में लिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत आदर्श मण्डी पुलिस ने
थानाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र सिंह के नेतृत्व में कार्यवाही करते हुए महिला से धोखाधड़ी करके आभूषण ठगने के मामले में शामली रेलवे स्टेशन से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से महिला सुनीता गिरी से ठगे गए सोने-चांदी के आभूषण एवं घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम व पता आशीष उर्फ गौतम व पवित्रा उर्फ गुड़िया निवासीगण मोहल्ला नाना चिदौड़ा एचपी पेट्रोल पंप के पास थाना नरोड़ा जनपद अहमदाबाद गुजरात तथा अंजू निवासी बी-57 शीतला माता के पास राजवीर नगर थाना राजौरी गार्डन दिल्ली बताए। गिरफ्तार आशीष उर्फ गौतम व पवित्रा उर्फ गुड़िया पति-पत्नी है, जबकि अंजू उनकी रिश्तेदार है।
आर्थिक लाभ लेने के उद्देश्य से देते है ठगी की घटना को अंजाम
पुलिस के अनुसार, आशीष उर्फ गौतम व उसकी पत्नी पवित्रा उर्फ गुड़िया तथा उनकी रिश्तेदार अंजू के द्वारा योजना बनाकर महिला से ठगी की घटना को अंजाम दिया गया। आरोपी अंजू व पवित्रा ने पीड़ित महिला से संपर्क करके उसे विश्वास में लिया तथा गिन्नियों को असली सोने की बताकर कम कीमत पर देने का झांसा दिया। इसके पश्चात, महिला के पास मौजूद सोने एवं चांदी के आभूषण प्राप्त कर लिये। आरोपी आशीष उर्फ गौतम ने घटनास्थल के आसपास रेकी करके घटना में सहयोग किया।
घटना के बाद आरोपियों ने ठगे गए सोने व चांदी के आभूषण आपस में बांट लिये। आरोपी आभूषणों को बेचने की फिराक में थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने घेराबंदी करके उन्हें पकड़ लिया। थानाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र सिंह ने बताया कि आरोपी देशभर में घूमकर इस तरह की ठगी की घटनाओं को अंजाम देते है। सीसीटीवी फुटेज आदि की सहायता से पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में कामयाब हो पाई। आरोपियों को चालान करके जेल भेज दिया गया है।