केएमपी टोल पर अतिक्रमण हटाकर सभी टोल लेन शुरू करने के निर्देश
केएमपी टोल पर अतिक्रमण हटाकर सभी टोल लेन शुरू करने के निर्देश
सोनीपत (सच कहूँ/हेमंत कुमार)। Sonipat News: लघु सचिवालय में उपायुक्त नेहा सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला में यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा, ब्लैक स्पॉट, अवैध कट, अतिक्रमण, सड़कों पर जलभराव तथा सड़क निर्माण से संबंधित व चालान जैसे विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त नेहा सिंह ने एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पुलिस विभाग के साथ मिलकर जिला के राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़े ब्लैक स्पॉट एवं अवैध कटों का संयुक्त निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
कुंडली,रसोई, बहालगढ़ क्षेत्र में बनाए जा रहे एफओबी को लेकर एनएचएआई अधिकारियों ने बताया कि सभी एफओबी के निर्माण कार्यों को पूरा करने की डेडलाइन दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है और कार्यों को जल्द पूरा करवाया जाएगा।
केएमपी टोल पर अतिक्रमण के कारण लगने वाले जाम को लेकर उपायुक्त ने एचएसआईआईडीसी के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि तत्काल प्रभाव से अतिक्रमण हटवाते हुए सभी टोल लेन शुरू की जाएं, ताकि वाहन चालकों को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े। वहीं केजीपी रोड व केएमपी पर अवैध अतिक्रमण एवं अन्य समस्याओं को लेकर डीईटीसी को भी आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए तत्काल कार्यवाही करने को कहा गया।
बैठक में अगस्त माह में यातायात नियमों की उल्लंघना पर की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। पुलिस विभाग द्वारा ओवरस्पीड के 889, बिना हेलमेट के 450, बिना सीट बेल्ट के 369, मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए वाहन चलाने के 7, ड्रंकन ड्राइव के 13, अंडरएज ड्राइविंग के 2, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 762 तथा ब्लैक फिल्म के 279 चालान किए गए। वहीं आरटीए विभाग द्वारा 249 चालान किए गए। नगर निगम के अधिकारियों को पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर शहर में अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने लिटिल एंजल स्कूल की ओर जाने वाली गली में किए गए अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए।
एनएच-44 पर जलभराव की समस्या को लेकर एनएचएआई के अधिकारियों ने बताया कि जीटी रोड के आसपास स्थित कुछ सोसायटियों के कारण जलभराव की स्थिति उत्पन्न होती है। इस पर उपायुक्त ने आरओ पॉल्यूशन तथा डीटीपी को मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने खरखौदा में अवैध विज्ञापन बोर्डों के मामले में एमसी खरखौदा को जांच करने तथा जल्द से जल्द उपायुक्त कार्यालय में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। महाराणा प्रताप चौक से ट्रक यूनियन तक ड्रेन से संबंधित समस्या को लेकर भी संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की समीक्षा करते हुए उपायुक्त नेहा सिंह ने संबंधित एसडीएम को निर्देश दिए कि वे स्कूल बसों की चेकिंग अभियान में तेजी लाएं।
उन्होंने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
इस अवसर पर एसडीएम सुभाष चंद्र, ट्रैफिक एसीपी नरेश अहलावत, रोडवेज जीएम संजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।