गोल्ड मेडल विजेता आशु का गांव खानपुर पहुंचने पर स्वागत
गोल्ड मेडल विजेता आशु का गांव खानपुर पहुंचने पर स्वागत
सोनीपत (सच कहूँ/हेमंत कुमार)। Sonipat News: एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने के बाद खानपुर कलां के आशु मलिक गांव पहुंचे तो ग्रामीणों ने पलकों पर बिठा लिया। आशु के सम्मान में आयोजित समारोह में गन्नौर विधायक देवेंद्र कादियान मुख्य अतिथि पहुंचे। उन्होंने गोल्ड मेडलिस्ट आशु मलिक को माला पहनाकर बधाई दी। आशु को खुली जीप में बाइक काफिले के साथ गांव लाया गया। रास्ते में ग्रामीणों ने फूल बरसाकर और फूलमालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया।
आशु की उपलब्धि पर गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और खेल प्रेमी अपने चैंपियन की एक झलक पाने और उसे बधाई देने पहुंचे। परिवार के लोगों ने भी आशु का गर्मजोशी से स्वागत किया। 24 वर्षीय आशु वर्तमान में रेलवे में टीटी के पद पर कार्यरत हैं और प्रो कबड्डी लीग में दबंग दिल्ली की ओर से राइट रेडर की भूमिका निभाते हैं।
आशु ने जापान के आइची-नागोया में 26 सितंबर को खेले गए एशियन गेम्स के कबड्डी फाइनल में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। भारतीय टीम ने ईरान को 40-34 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। लगातार अभ्यास और मेहनत के दम पर आशु ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि एशियन गेम्स में देश के लिए स्वर्ण जीतना आशु की व्यक्तिगत उपलब्धि से कहीं बढ़कर पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है। आशु ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता गांव के युवाओं और उभरते खिलाड़ियों को बड़े लक्ष्य तय कर उन्हें हासिल करने की प्रेरणा देगी।
आशु के पिता रमेश मलिक किसान हैं। समारोह में हरियाणा कबड्डी एसोसिएशन के चेयरमैन कुलदीप दलाल, बलबीर पहल, कुलदीप सिंह, सुरेंद्र दूहन, लीला पहलवान, दिलावर सरपंच, जोगेंद्र समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।