Asian Games India Gold Medals: एशियन गेम्स में तीरंदाजों ने लिखा 'स्वर्णिम इतिहास'
तीरंदाजी में 3 व मिक्सर टैप शूटिंग में एक गोल्ड जीता
Asian Games India Gold Medals: ओकाजाकी, (सच कहूँ/एजेंसी)। जापान में जारी 20वें एशियन गेम्स में भारत का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। प्रतियोगिता के 11वें दिन भारतीय खिलाड़ियों ने चार स्वर्ण और तीन कांस्य पदक अपने नाम किए। चारों गोल्ड में से तीन तीरंदाजी और एक शूटिंग में आया। वीरवार के भारत के कुल पदकों की संख्या 62 हो गई है, जिसमें 10 स्वर्ण पदक शामिल हैं।
मुक्केबाजी में प्रिया घनघस और कपिल पोखरिया ने कांस्य पदक जीते, जबकि ग्रीको-रोमन कुश्ती में सुनील कुमार ने कांस्य अपने नाम किया। वहीं, महिला मुक्केबाजी में लवलीना और भारतीय महिला हॉकी टीम ने भी अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। महिला हॉकी टीम ने दक्षिण कोरिया को 2-0 से हराया।
महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने चीन को हराकर जीता गोल्ड
कंपाउंड आर्चरी की महिला टीम ने भारत के लिए दिन का पहला स्वर्ण पदक हासिल किया। चिकिथा तानिपार्थी, पृथिका प्रदीप और ज्योति सुरेखा वेन्नम की भारतीय तिकड़ी ने फाइनल में चीन को 238-234 से मात दी। ओकाजाकी चुओ सोगो पार्क मल्टीपर्पस स्क्वायर में हुए इस मुकाबले में भारतीय तीरंदाजों ने शानदार निरंतरता दिखाई। फाइनल से पहले टीम ने सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया था।
शूट-ऑफ में भारत की जीत, मिक्स्ड कंपाउंड टीम ने रचा इतिहास
महिला टीम की सफलता के बाद साहिल जाधव और चिकिता तनिपार्थी की जोड़ी ने मिक्स्ड कंपाउंड इवेंट में भी भारत को स्वर्ण दिलाया। भारत और दक्षिण कोरिया के बीच फाइनल मुकाबला 157-157 की बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके बाद फैसला शूट-ऑफ से हुआ, जिसमें भारतीय जोड़ी ने दक्षिण कोरिया के पार्क जुंगयून और चोई योंगही को पीछे छोड़ दिया। इस जीत के साथ भारत ने लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 के लिए कंपाउंड मिक्स्ड टीम इवेंट का कोटा भी हासिल किया। यह स्पर्धा पहली बार ओलंपिक कार्यक्रम का हिस्सा बनने जा रही है।
पुरुष कंपाउंड टीम ने भी दिलाया स्वर्ण
भारत की पुरुष कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने भी फाइनल में चीन को बेहद करीबी मुकाबले में हराया। कुशल दलाल, साहिल जाधव और गणेश मणिरत्नम थिरुमुरु की टीम ने चीन को 238-237 से मात देकर स्वर्ण पदक जीता। भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 236-229 से हराया था। पुरुष टीम के गोल्ड के साथ भारत ने पिछले एशियन गेम्स में हासिल किए गए कंपाउंड आर्चरी के तीनों खिताब बरकरार रखने में सफलता हासिल की।
शूटिंग में नीरू ढांडा और किनान चेनाई का गोल्ड
शूटिंग के मिक्स्ड ट्रैप इवेंट में नीरू ढांडा और किनान चेनाई की जोड़ी ने भारत के खाते में एक और स्वर्ण पदक जोड़ा। भारतीय जोड़ी ने फाइनल में 34 अंक हासिल किए। कतर की टीम 32 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि चीन ने 23 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता। ईरान 12 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहा। नीरू ढांडा के लिए यह एशियन गेम्स 2026 में दूसरा पदक है।
मुक्केबाजी और कुश्ती में भी भारत को कांस्य
भारत को मुक्केबाजी में प्रिया घनघस और कपिल पोखरिया ने कांस्य पदक दिलाए। प्रिया ने 60 किलोग्राम और कपिल ने 90 किलोग्राम वर्ग में यह उपलब्धि हासिल की। ग्रीको-रोमन कुश्ती के 87 किलोग्राम वर्ग में सुनील कुमार ने कांस्य पदक जीतकर भारत की पदक संख्या में इजाफा किया। इस तरह एशियन गेम्स के 11वें दिन भारत के खाते में कुल चार स्वर्ण और तीन कांस्य आए और भारतीय दल ने प्रतियोगिता में अपना शानदार अभियान जारी रखा।