BPL Mustard Oil Supply: सरसों तेल का इन्तजार ख़त्म, फिर डिपुओं पर पहुंचेगा तेल

500 एमएल, 1 लीटर या अधिकतम 1.5 लीटर की पैकिंग मिलेगी

Published On

BPL Mustard Oil Supply: सरसा, (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। तीन महीने से सरसों तेल का इंतजार कर रहे सरसा जिले के करीब 2.22 लाख बीपीएल परिवारों के लिए राहत की खबर है। सरकार ने अगस्त, सितंबर और अक्टूबर 2026 के लिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत सरसों तेल की सप्लाई दोबारा उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की है।

हालांकि इस बार पहले की तरह प्रत्येक परिवार के लिए 2 लीटर तेल की निश्चित मात्रा तय नहीं की गई है। लाभार्थियों को 500 एमएल, 1 लीटर और अधिकतम 1.5 लीटर की पैकिंग में तेल उपलब्ध करवाया जाएगा। सरकार की ओर से 22 सितंबर को जारी पत्र के अनुसार बीपीएल और एएवाई परिवारों के लिए इन तीन आकारों में सरसों तेल की पैकिंग उपलब्ध करवाई जाएगी। यानी डिपुओं पर अलग-अलग मात्रा की पैकिंग पहुंचाई जाएगी और राशन कार्ड धारक अपनी जरूरत के अनुसार निर्धारित पैकिंग ले सकेगा। इसके लिए उसे तय शुल्क का भुगतान करना होगा।

पहले 2 लीटर मिलता था, अब 1.5 लीटर तक का विकल्प

पहले पात्र परिवारों को 2 लीटर सरसों तेल देने की व्यवस्था थी। इस बार सरकार ने निश्चित रूप से 1.5 लीटर तेल देने के बजाय अलग-अलग पैकिंग का विकल्प रखा है। हालांकि 500 एमएल, 1 लीटर या 1.5 लीटर तेल के लिए डिपो पर राशन कार्ड धारक से कितना शुल्क लिया जाएगा, इसकी दर अभी निर्धारित नहीं हुई है। प्रदेश में करीब 39.89 लाख बीपीएल और एएवाई परिवार इस व्यवस्था के दायरे में हैं। तीन महीने की सप्लाई के लिए अगस्त में करीब 30 लाख लीटर तथा सितंबर और अक्टूबर में 37-37 लाख लीटर सरसों तेल की आवश्यकता बताई गई है। तेल की सप्लाई हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचएआईसीएल) से ली जाएगी।

अगस्त का तेल भी मिलेगा, तीन महीने की सप्लाई का प्रावधान

सरकारी पत्र के अनुसार अगस्त के लिए करीब 30 लाख लीटर सरसों तेल की जरूरत बताई गई है। इसमें करीब 8 लाख 500 एमएल और 26 लाख 1 लीटर की बोतलों का प्रावधान है। सितंबर और अक्टूबर के लिए करीब 37-37 लाख लीटर तेल की आवश्यकता बताई गई है। इन दोनों महीनों में करीब 10-10 लाख 500 एमएल और 32-32 लाख 1 लीटर की बोतलों का प्रावधान बताया गया है। इस बार 1.5 लीटर की पैकिंग भी उपलब्ध करवाई जाएगी।

174 और 180 रुपए प्रति लीटर की दर सप्लायर के भुगतान की

सरकार ने एचएआईसीएल को तेल की सप्लाई के भुगतान के लिए दो दरें तय की हैं। सप्लाई मिलने के 15 दिन के भीतर भुगतान करने पर 174 रुपए प्रति लीटर और 15 दिन बाद नियमित भुगतान चक्र में 180 रुपए प्रति लीटर की दर से भुगतान होगा। यह दर एचएआईसीएल को किए जाने वाले भुगतान की है, इसे डिपो पर लाभार्थी से लिया जाने वाला अंतिम शुल्क नहीं माना जाएगा। राशन कार्ड धारक से कितना शुल्क लिया जाएगा, यह अभी तय होना बाकी है। सरसा में पिछले तीन महीने से तेल का वितरण नहीं हुआ है। अब जिले में सप्लाई पहुंचने और स्थानीय स्तर पर वितरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही डिपुओं पर तेल वितरण शुरू होने की तारीख स्पष्ट होगी।

About The Author

Related Posts