सरकारी दौरों की जिम्मेदारी अब निजी कंपनी के हवाले, हर बुकिंग पर लेगी कमीशन
हवाई और रेल टिकटों से लेकर होटल, वीजा, बीमा और परिवहन तक के सभी इंतजाम करेगी ‘ईजी ट्रिप प्लानर्स’
चंडीगढ़ (सच कहूँ/अश्वनी चावला)। Chandigarh News: पंजाब सरकार की ओर से अब सरकारी दौरों की जिम्मेदारी खुद उठाने की बजाय एक निजी ट्रैवल कंपनी के हवाले कर दी गई है। अब से देश की एक बड़ी निजी कंपनी पंजाब सरकार के विभिन्न विभागों से संबंधित सरकारी दौरों को लेकर सभी इंतजाम करेगी। इसके लिए बाकायदा कंपनी को हर बुकिंग पर कमीशन दिया जाएगा या फिर निजी कंपनी अपने स्तर पर कमीशन जोड़कर उसे खुद ही बिलिंग में शामिल कर लेगी। पंजाब सरकार के योजना विभाग के अधीन पंजाब विकास आयोग की ओर से अपने अधिकारियों और प्रतिनिधियों के सरकारी दौरों के लिए ‘ईजी ट्रिप प्लानर्स प्राइवेट लिमिटेड’ को अपनी अधिकृत यात्रा एजेंसी नियुक्त किया गया है।
पंजाब सरकार के वित्त एवं योजना विभाग की ओर से इस संबंध में बाकायदा आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। विभाग के पत्र के अनुसार इस निजी ट्रैवल कंपनी का काम केवल हवाई टिकटों की बुकिंग तक सीमित नहीं रहेगा। पंजाब विकास आयोग से संबंधित सरकारी यात्राओं के लिए देश और विदेश की हवाई टिकटों की बुकिंग, टिकट रद्द करवाने या यात्रा की तारीख बदलने, रेल टिकटों की बुकिंग तथा होटलों में ठहरने का प्रबंध भी कंपनी की ओर से किया जाएगा। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर वीजा दिलवाने, यात्रा बीमा करवाने और हवाई अड्डे से आने-जाने के प्रबंध की जिम्मेदारी भी इसी कंपनी की होगी। इस निजी कंपनी की ओर से यात्रा से संबंधित आपातकालीन मामलों के लिए 24 घंटे सहायता उपलब्ध करवानी होगी।
वित्त एवं योजना आयोग की ओर से विशेष तौर पर मांग किए जाने पर स्थानीय और बाहरी शहरों में परिवहन की व्यवस्था भी कंपनी की ओर से की जाएगी। इस तरह पंजाब विकास आयोग के सरकारी दौरों से जुड़े टिकट, रहने-सहने, यात्रा दस्तावेज, बीमा, हवाई अड्डा परिवहन और अन्य यात्रा संबंधी व्यवस्थाओं को एक ही कंपनी के माध्यम से करवाने की व्यवस्था की गई है। इससे पहले विभाग की ओर से अपने स्तर पर ही इन बुकिंग का इंतजाम किया जाता था और जरूरत पड़ने पर मौके पर ही किसी निजी कंपनी से कोटेशन के माध्यम से काम करवाया जाता रहा है, लेकिन अब स्थायी तौर पर ही यह काम निजी कंपनी के हवाले कर दिया गया है।
