शिक्षा और रोजगार
Auto Rickshaw News: ऑटो की फ्रंट सीट पर अतिरिक्त सीट लगाई तो होगा चालान, सीजर की कार्रवाई: वरुण सिंह
गाजियाबाद यातायात पुलिस का सात दिवसीय अभियान, चार दिन में 2000 ऑटो से हटवाई अतिरिक्त सीटें
गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह)। Ghaziabad News: राजधानी दिल्ली से सटे जनपद गाजियाबाद में ऑटो रिक्शा चालकों और सवारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कमिश्नरेट गाजियाबाद की यातायात पुलिस ने 28 सितंबर से सात दिवसीय विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के पहले चरण में ऑटो चालकों को जागरूक किया जा रहा है कि फ्रंट सीट पर अतिरिक्त सीट लगाकर सवारियों को न बैठाएं। यातायात पुलिस के अनुसार इससे चालक और यात्रियों की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
अपर पुलिस उपायुक्त यातायात वरुण कुमार सिंह ने बताया कि अभियान के दूसरे चरण में प्रवर्तन की कार्रवाई की जाएगी। जागरूक किए जाने के बावजूद यदि किसी ऑटो में फ्रंट सीट पर अतिरिक्त सीट लगी मिली तो संबंधित चालक के खिलाफ चालान के साथ वाहन सीज करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अभियान के शुरुआती चार दिनों में यातायात पुलिस ने करीब 2000 ऑटो रिक्शा से अतिरिक्त सीटें हटवाई हैं। यातायात पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।