इंदिरापुरम में मुठभेड़ के बाद स्नैचर गिरफ्तार

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली, चोरी की बाइक, तमंचा और पीली धातु का टुकड़ा बरामद

Published On

गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह)। Ghaziabad News: राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के थाना  इंदिरापुरम पुलिस ने बुधवार को 5/6 पुलिया रोड पर चेकिंग के दौरान मुठभेड़ के बाद एक स्नैचर को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया। उसके कब्जे से चोरी की टीवीएस रेडॉन मोटरसाइकिल, 315 बोर का तमंचा, एक खोखा व एक जिंदा कारतूस तथा पीली धातु का टुकड़ा बरामद हुआ है। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने मीडिया को बताया कि 30 सितंबर को 5/6 पुलिया रोड पर संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी।

इसी दौरान कनावनी पुलिया की ओर से बाइक सवार एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने बाइक पीछे मोड़कर भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल हो गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मुनासिर उर्फ मुनाजिर (23), निवासी गरिमा गार्डन, साहिबाबाद बताया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने दिल्ली-एनसीआर और गाजियाबाद में स्कूटी व बाइक बदल-बदलकर चेन और मोबाइल स्नैचिंग की घटनाएं करने की बात स्वीकार की है। उसने करीब दो सप्ताह पहले इंदिरापुरम क्षेत्र में भी चेन स्नैचिंग की घटना करना बताया।

एक दर्जन से अधिक मुकदमे

इंदिरापुरम थाना प्रभारी अजय चौधरी  के अनुसार आरोपी के खिलाफ दिल्ली-एनसीआर में लूट, स्नैचिंग, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

About The Author

Related Posts