शिक्षा और रोजगार
India vs Pakistan Hockey: पाकिस्तान को एशियन गेम्स हॉकी में टीम इंडिया ने चटाई धूल
कप्तान हरमनप्रीत के 2 गोलों की बदौलत फाइनल में भारत
India vs Pakistan Hockey: काकामिगहारा, (सच कहूँ/एजेंसी)। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने रोमांच से भरपूर सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 4-3 से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। मुकाबले में एक समय भारत ने तीन गोल की बढ़त बना ली थी, लेकिन पाकिस्तान ने शानदार वापसी करते हुए स्कोर बराबर कर दिया। मैच के अंतिम पलों में अभिषेक के निर्णायक गोल ने भारत की जीत पक्की कर दी। इस जीत के साथ मौजूदा चैंपियन भारत ने टूर्नामेंट में एक और पदक सुनिश्चित कर लिया है। अब टीम की नजरें स्वर्ण पदक पर हैं।
मुकाबले की शुरुआत से ही भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक हॉकी का प्रदर्शन किया। पांचवें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे हरमनप्रीत सिंह ने गोल में बदलते हुए टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।हरमनप्रीत यहीं नहीं रुके। 13वें मिनट में मिले एक और पेनल्टी कॉर्नर को उन्होंने शानदार तरीके से गोल में तब्दील कर दिया। इसके साथ भारत की बढ़त 2-0 हो गई और टीम ने पहले चरण में पाकिस्तान पर दबाव बनाए रखा।
सुखजीत ने भारत को 3-0 से आगे किया
दूसरे क्वार्टर में भारत ने अपनी बढ़त और मजबूत कर ली। 23वें मिनट में सुखजीत सिंह ने गोल दागकर स्कोर 3-0 कर दिया। इस गोल के लिए तैयार हुए मूव में मनप्रीत सिंह और शिलानंद लाकड़ा की भूमिका रही। ऐसा लग रहा था कि भारत आसानी से मुकाबला अपने नाम कर लेगा, लेकिन पाकिस्तान ने हाफ टाइम से पहले वापसी का रास्ता खोज लिया। 30वें मिनट में अबू महमूद ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अंतर 3-1 कर दिया।
दूसरे हाफ में पाकिस्तान ने आक्रामक तेवर दिखाए। 45वें मिनट में हनान शाहिद ने गोल कर स्कोर को 3-2 कर दिया। इसके बाद भारतीय टीम पर दबाव बढ़ता गया। आखिरी क्वार्टर की शुरुआत में पाकिस्तान ने बराबरी हासिल कर ली। राणा वहीद ने दाईं ओर से मिले मौके को गोल में बदलकर स्कोर 3-3 कर दिया। तीन गोल की बढ़त गंवाने के बाद भारत के सामने मुकाबला पेनल्टी शूटआउट तक जाने का खतरा पैदा हो गया था।
फाइनल में किससे भिड़ेगा भारत?
मुकाबला अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका था। जब मैच खत्म होने में कुछ ही सेकंड बचे थे, तभी अभिषेक ने भारत के लिए चौथा गोल कर दिया। इस गोल ने स्कोर 4-3 कर दिया और भारत ने रोमांचक मुकाबला अपने नाम कर लिया। अंतिम सीटी के साथ भारतीय खिलाड़ियों ने जीत का जश्न मनाया और टीम ने एशियन गेम्स के हॉकी फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। अब फाइनल में भारत का सामना दक्षिण कोरिया और मलेशिया के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। भारतीय टीम अब स्वर्ण पदक के लिए मैदान पर उतरेगी।